Friday, 27 November, 2026

---विज्ञापन---

Back

इम्तियाज अली: ‘तमाशा’ से इम्तियाज अली ने लिया बड़ा सबक, अब ‘मैं वापस आऊंगा’ में नहीं दोहराई वो गलती!

रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'तमाशा' को रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता नहीं मिली थी. हालांकि, वक्त के साथ इस फिल्म को दर्शकों का खूब प्यार मिला.

Imtiaz ali
'तमाशा' से इम्तियाज अली ने लिया बड़ा सबक, Photo Credit- Social Media

Imtiaz Ali: ‘तमाशा’ को रिलीज हुए भले ही लंबा वक्त बीत गया हो, लेकिन जो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल न दिखा पाई हो, उसने वक्त के साथ दर्शकों का दिल जरूर जीत लिया है. आज भी फिल्म की कहानी, डायलॉग और किरदार लोगों के दिलों में बसे हुए हैं. अब फिल्म के 11 साल पूरे होने पर निर्देशक इम्तियाज अली ने इसके बारे में खुलकर बात की है. उन्होंने माना कि फिल्म को ज्यादा जटिल बनाने की कोशिश में शायद दर्शकों के लिए इसे समझना मुश्किल हो गया था.

‘तमाशा’ को समझने में दर्शकों को लगा वक्त

रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘तमाशा’ साल 2015 में रिलीज हुई थी. फिल्म में रणबीर ने वेद और दीपिका ने तारा का किरदार निभाया था. इसकी कहानी एक ऐसे इंसान के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी असली पहचान और समाज की उम्मीदों के बीच उलझकर रह जाता है.

---विज्ञापन---

रिलीज के समय नहीं मिला वो प्यार

रिलीज के वक्त फिल्म को उम्मीद के मुताबिक रिएक्शन नहीं मिला, लेकिन धीरे-धीरे दर्शकों ने इसकी कहानी को समझा और पसंद करना शुरू कर दिया. आज यह फिल्म कई लोगों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है.

इम्तियाज अली ने मानी अपनी गलती

हाल ही में गलाटा प्लस को दिए इंटरव्यू में इम्तियाज अली से पूछा गया कि इतने साल बाद भी दर्शक ‘तमाशा’ से खुद को कैसे जोड़ पाते हैं. इस पर निर्देशक ने कहा कि शायद उन्होंने फिल्म को थोड़ा ज्यादा जटिल बना दिया था. उनकी कोशिश कहानी को बेहतर और गहराई से दिखाने की थी, लेकिन इस चक्कर में फिल्म दर्शकों के लिए थोड़ी मुश्किल हो गई.

---विज्ञापन---

‘तमाशा’ को मिले प्यार के लिए दर्शकों को कहा शुक्रिया

इम्तियाज ने यह भी कहा कि किसी फिल्म को वही मिलता है, जिसकी वह हकदार होती है. हालांकि, उन्हें इस बात की खुशी है कि समय के साथ दर्शकों ने ‘तमाशा’ को समझा और इसे इतना प्यार दिया.

‘मैं वापस आऊंगा’ में नहीं दोहराई वही गलती

निर्देशक ने बताया कि ‘तमाशा’ से मिली सीख का असर उनकी अगली फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ पर भी पड़ा. उन्होंने इस बार कोशिश की कि कहानी में गहराई बनी रहे, लेकिन उसे दर्शकों के लिए समझना भी आसान हो. दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना, शरवरी और नसीरुद्दीन शाह अभिनीत यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. जिसे दर्शकों से भरपूर प्यार मिला और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था.

---विज्ञापन---

‘ओ साथी रे’ को लेकर चर्चा में हैं निर्देशक

वर्कफ्रंट की बात करें तो इम्तियाज अली इन दिनों अपनी नई सीरीज ‘ओ साथी रे’ को लेकर सुर्खियों में हैं. इसमें अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. यह सीरीज 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है. ऐसे में दर्शकों को एक बार फिर इम्तियाज की खास कहानी और रोमांस का अंदाज देखने को मिलने वाला है.

First published on: Nov 27, 2026 05:09 PM

E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.

Sponsored Links by Taboola
होम गैलरीज़ मनोरंजन tlbr_img4 वीडियो