---विज्ञापन---
Sanchita Ugale की लीक हुई व्हाट्सएप चैट ने खोले राज, 2 दिन में बदला सब; जानें आखिरी 48 घंटे में क्या-क्या हुआ?
Sanchita Ugale Death Case: पिछले दिनों 22 साल की एक्ट्रेस संचिता उगले के निधन की खबर ने पूरे मनोरंजन जगत को सदमे में डाल दिया, एक दिन पहले ही हंसते-मुस्कुराते वीडियो शेयर करने वाली एक्ट्रेस के एक दिन बाद ही सुसाइड करने की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया, अब एक्ट्रेस की मौत से पहले की व्हाट्सएप चैट ने कुछ ऐसी बातें सामने लाईं हैं, जिन्हें जानने के बाद हर कोई परेशान और सदमे में हैं.
एक्ट्रेस की मौत से सदमे में परिवार और फैंस
टीवी इंडस्ट्री की उभरती हुई एक्ट्रेस संचिता उगले की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. महज 22 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली संचिता 14 जून को पालघर के नालासोपारा स्थित अपने घर में मृत पाई गई थीं. शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन परिवार, दोस्तों और सह-कलाकारों के अलग-अलग दावों ने इस केस को और चर्चा में ला दिया है.
व्हाट्सएप चैट ने खोले राज
'कुमकुम भाग्य' , 'वागले की दुनिया' और 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' जैसे पॉपुलर टीवी शोज में नजर आ चुकीं संचिता पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थीं. अब उनकी कथित व्हाट्सएप चैट सामने आई है, जिसने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं.
चैट से सामने आई ये सच्चाई
सामने आई चैट के अनुसार, संचिता अपने भविष्य को लेकर काफी परेशान थीं. उन्होंने अपने साइकोलॉजिस्ट से बातचीत में बताया था कि उन्हें शूटिंग के दौरान डायलॉग्स याद रखने में दिक्कत हो रही थी. इतना ही नहीं, उन्हें लगने लगा था कि वह पहले जैसी एक्टिंग नहीं कर पा रही हैं. चैट में यह भी सामने आया कि लंबे समय से इलाज कराने के बावजूद उन्हें कोई खास सुधार महसूस नहीं हो रहा था. डॉक्टर ने उन्हें हिम्मत बनाए रखने और इलाज जारी रखने की सलाह दी थी.
संचिता के परिवार ने लगाए आरोप
मामले में संचिता के परिवार ने भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उनके पिता का कहना है कि इंडस्ट्री का दबाव उनकी बेटी पर लगातार बढ़ रहा था और वह अंदर ही अंदर टूटती जा रही थीं. वहीं, उनके कजिन आकाश उगले ने दावा किया कि संचिता को एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में टारगेट किया जा रहा था उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
संचिता के को-स्टार का दावा
बता दें, विवाद तब और बढ़ गया जब संचिता की करीबी दोस्त इंद्राक्षी कांजिलाल ने सेट पर कुछ परेशानियों और एक को-स्टार के साथ मतभेद होने का दावा किया. हालांकि, दूसरी ओर कई कलाकारों ने इन आरोपों को खारिज किया है.
एक्ट्रेस मेघा शर्मा ने कही ये बात
एक्ट्रेस मेघा शर्मा का कहना है कि संचिता जनवरी से डिप्रेशन से जूझ रही थीं और उनकी परेशानियों की वजह इंडस्ट्री नहीं थी. मेघा के मुताबिक, काम या करियर को लेकर उन पर कोई दबाव नहीं था और उत्पीड़न की बातें सिर्फ अफवाह हैं.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
फिलहाल, पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच एजेंसियां संचिता के निजी और पेशेवर जीवन से जुड़े हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं. अब सभी की नजर पुलिस की अंतिम रिपोर्ट पर है, जो इस चर्चित मामले की असली तस्वीर सामने ला सकती है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.