Christian Bujeau Passes Away: मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. सिनेमा और टेलीविजन की दुनिया में अपनी बेहतरीन अदाकारी से दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले फ्रांस के दिग्गज और कल्ट अभिनेता Christian Bujeau ने दुनिया को अलविदा कह दिया है. 81 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली, जिसके बाद उनके फैंस और पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. उन्हें एक ऐसे दमदार और कड़क किरदार के लिए जाना जाता था, जिसे मेकर्स ने खास तौर पर उनके ही अंदाज को देखकर लिखा था. आइए जानते हैं आखिर किस सुपरहिट सीरीज के जरिए उन्हें घर-घर में पहचान मिली थी?
कई दशकों का शानदार फिल्मी और थियेटर करियर
क्रिश्चियन बुजेउ फ्रांस के सिनेमा और टेलीविजन का एक बेहद जाना-पहचाना चेहरा थे. उनका जन्म 14 अक्टूबर 1944 को हुआ था. उन्होंने फ्रांस के मशहूर ड्रामा स्कूल से एक्टिंग की बारीकियां सीखी थीं. अपने कई दशकों लंबे करियर में उन्होंने थियेटर में नाटक करने, डायरेक्शन करने और एक्टिंग सिखाने के साथ-साथ बड़े पर्दे और टीवी पर ढेरों यादगार किरदार निभाए. 15 जून को उन्होंने दुनिया को अलविदा कर दिया.
स्टंटमैन से बने थे एक्टर
एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले क्रिश्चियन बुजेउ एक पेशेवर स्टंटमैन थे, जिसके बारे में आम जनता को बहुत कम पता है. उन्होंने ‘बेन हर’ जैसी महान फिल्म के स्टंट ट्रेनर्स से ट्रेनिंग ली थी. वह करीब 15 सालों तक दुनिया के अलग-अलग कोनों में, यहां तक कि जापान तक जाकर तलवारबाजी और घुड़सवारी के बड़े-बड़े टूर्नामेंट्स का हिस्सा रहे थे.
‘कामेलॉट’ में मास्टर-एट-आर्म्स का रोल
क्रिश्चियन बुजेउ के इसी स्टंट और घुड़सवारी के बैकग्राउंड को देखकर मशहूर डायरेक्टर अलेक्जेंड्रे एस्टियर ने सुपरहिट सीरीज ‘कामेलॉट’ में उनके लिए एक खास रोल लिखा था. इस सीरीज में उन्होंने राजा आर्थर के कड़क और मुंहफट ट्रेनर ‘मास्टर-एट-आर्म्स’ का किरदार निभाया था, जो दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ. उन्होंने इस शो के सभी 5 सीजन्स में काम किया था.
‘द विजिटर्स’ के डेंटिस्ट बनकर सिनेमाघरों में बटोरी थीं सुर्खियां
फिल्मों की बात करें तो क्रिश्चियन को साल 1993 में आई सुपरहिट कॉमेडी फिल्म ‘द विजिटर्स’ से बड़ी पहचान मिली थी. इस फिल्म में उन्होंने एक परेशान डेंटिस्ट जीन-पियरे गुलार्ड का मजेदार रोल निभाया था, जिसे उन्होंने इसके दूसरे पार्ट (1998) में भी दोहराया. उन्होंने एक बार मजाकिया लहजे में कहा था कि उन्होंने यह फिल्म सिर्फ इसलिए साइन की थी ताकि उनके बच्चे अच्छे से खाना खा सकें.
आखिरी समय तक एक्टिंग में रहे एक्टिव
क्रिश्चियन बुजेउ ने अपने करियर में कई मशहूर पुलिस ड्रामा शोज, कॉमेडी फिल्मों और थियेटर नाटकों में काम किया. उन्होंने अपना आखिरी रोल साल 2024 में फिल्म ‘सुर ला डेल’ में निभाया था. उनके निधन पर उनकी एजेंसी ने उनकी दरियादिली और काम के प्रति उनके जुनून की जमकर तारीफ की है. भले ही वह फिल्मों में लीड हीरो न रहे हों, लेकिन एक सपोर्टिंग एक्टर के तौर पर उनकी मौजूदगी हमेशा स्क्रीन पर अपनी गहरी छाप छोड़ जाती थी.