---विज्ञापन---
‘वो खुद को खत्म..’ संचिता उगले के खुदकुशी मामले में को-स्टार मेघा शर्मा ने किया बड़ा खुलासा, डिप्रेशन में थीं ‘छावा’ एक्ट्रेस
टीवी अभिनेत्री संचिता उगले ने रविवार शाम अपने घर में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. अभिनेत्री के निधन की खबर ने न सिर्फ टीवी इंडस्ट्री को, बल्कि उनके फैंस को भी गहरा झटका दिया है. जब उनकी दोस्त और को-स्टार मेघा शर्मा को इस घटना के बारे में पता चला, तो उन्हें इस पर यकीन ही नहीं हुआ. इस बीच मेघा ने संचिता को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है. उनका कहना है कि संचिता पिछले कुछ समय से डिप्रेशन से जूझ रही थीं.
डिप्रेशन में थीं संचिता
दरअसल, संचिता के निधन के बाद मेघा शर्मा ने मनीकंट्रोल को दिए एक इंटरव्यू में उनके बारे में खुलकर बात की. संचिता को याद करते हुए मेघा भावुक नजर आईं. जब उनसे अभिनेत्री द्वारा उठाए गए इस कथित कदम के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "मैं गहरे सदमे में हूं और मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं. मैंने सुना है कि उन्होंने फांसी लगा ली. उन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ परेशानियां थीं और वह जनवरी से डिप्रेशन से जूझ रही थीं. कुछ निजी कारण भी थे, जिसके चलते उनका इलाज चल रहा था."
10 दिन पहले हुई थी मेघा और संचिता की मुलाकात
मेघा ने आगे कहा, "लेकिन वह बहुत खुशमिजाज इंसान थीं. मैं करीब 10 दिन पहले ही उनसे मिली थी और उन्हें एक ऑडिशन के लिए लेकर गई थी. उन्हें पूरा भरोसा था कि वह सफल हो जाएंगी. बाद में उनका फोन बंद आने लगा."
खुद की जान देने की संचिता ने कही थी बात
मेघा ने बताया, "वह अक्सर कहती थीं कि वह अपनी जान दे देंगी. हम सभी, जिनमें उनकी मां और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे, उन्हें पॉजिटिव रहने और इस तरह के नेगेटिव ख्यालों से दूर रहने के लिए समझाते थे, लेकिन इस बार हम उन्हें बचा नहीं पाए. वह खुद से बहुत प्यार करती थीं."
संचिता ने की आत्महत्या
संचिता ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली. रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के समय संचिता घर में अकेली थीं. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. अधिकारियों को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है. वहीं, उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर उनका आखिरी पोस्ट भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक गाने पर रील बनाती हुई नजर आ रही हैं.
इन शोज और फिल्मों में नजर आ चुकी हैं संचिता
बता दें कि संचिता कई टीवी शो में नजर आ चुकी हैं. उन्होंने ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे लोकप्रिय शोज में काम किया था. इसके अलावा वह विक्की कौशल स्टारर फिल्म ‘छावा’ में भी दिखाई दी थीं, जिसमें उन्होंने ताराबाई का किरदार निभाया था.