---विज्ञापन---
पति हिमांशु से अलग होने की खबरों पर चढ़ा अमृता खानविलकर का पारा, लीगल एक्शन लेने की दी चेतावनी
पति हिमांशु मल्होत्रा से तलाक की खबरों पर अमृता खानविलकर ने कड़ा रिएक्शन दिया है. एक्ट्रेस की लीगल टीम ने अफवाहें फैलाने वालों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी.
Amruta Khanvilkar Himanshu Malhotra Divorce News: टीवी और फिल्म एक्ट्रेस अमृता खानविलकर इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में खबरें सामने आई थीं कि अमृता और उनके पति हिमांशु मल्होत्रा के रिश्ते में दरार आ गई है और दोनों कथित तौर पर तलाक लेने वाले हैं. अब इन खबरों पर एक्ट्रेस की तरफ से कड़ा रिएक्शन सामने आया है. अमृता की लीगल टीम ने एक नोटिस जारी कर ऐसी खबरें फैलाने वालों को सख्त चेतावनी दी है.
तलाक की खबरों पर अमृता ने लिया एक्शन
10 अगस्त को अमृता खानविलकर की कानूनी टीम ने उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर सामने आ रही खबरों पर बयान जारी किया. टीम ने कहा कि कुछ ऑनलाइन, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अमृता को लेकर ऐसी बातें शेयर की जा रही हैं, जो कथित तौर पर झूठी, बदनाम करने वाली और उनकी प्राइवेसी में दखल देने वाली हैं.
'किसी के बारे में अफवाह फैलाना गलत'
लीगल टीम ने साफ कहा कि हर किसी को अपनी बात रखने की आजादी है, लेकिन इस आजादी की आड़ में किसी के बारे में अफवाह या बिना पुष्टि वाली जानकारी फैलाना स्वीकार नहीं किया जाएगा. टीम ने चेतावनी दी कि अगर ऐसी खबरों के सबूत मिलते हैं तो इन्हें बनाने, पब्लिश करने या शेयर करने वाले लोगों और संस्थाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
कानूनी कदम उठाने की कही बात
अमृता की टीम ने यह भी बताया कि इस तरह की सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और उन्हें रिकॉर्ड किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर उचित कानूनी कदम उठाए जा सकें.
18 महीने से अलग रहने की आई थी खबर
दरअसल, हाल ही में एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अमृता और हिमांशु पिछले करीब 18 महीनों से अलग-अलग रह रहे हैं. इसके बाद दोनों के तलाक की चर्चाएं तेज हो गईं. हालांकि, एक करीबी सूत्र के हवाले से कहा गया कि फिलहाल दोनों के बीच तलाक या कानूनी तौर पर अलग होने जैसी कोई बात नहीं चल रही है.
क्यों रह रहे अलग?
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि दोनों के अलग रहने की वजह किसी बड़े झगड़े को नहीं बताया गया है. दोनों कथित तौर पर अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल जिंदगी को लेकर एक-दूसरे से बातचीत करते हैं और अच्छे दोस्त हैं. बताया गया कि दोनों ने अपने रिश्ते और भविष्य को समझने के लिए कुछ स्पेस लिया है.
ऐसे शुरू हुई थी अमृता-हिमांशु की लव स्टोरी
अमृता और हिमांशु की पहली मुलाकात साल 2004 में रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट सिनेस्टार्स की खोज' के सेट पर हुई थी. पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया. कई साल तक डेट करने के बाद दोनों ने जनवरी 2015 में शादी कर ली.
कपल ने साथ में जीता शो
शादी के बाद दोनों ने 'नच बलिए 7' में बतौर कपल हिस्सा लिया और शो की ट्रॉफी भी अपने नाम की. ऐसे में अब उनके रिश्ते को लेकर सामने आई खबरों के बीच अमृता की लीगल टीम का यह सख्त बयान काफी चर्चा में है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.