---विज्ञापन---
‘जन नायकन’ रिलीज होगी भी या नहीं? CBFC क्लियरेंस के बीच विजय ने डिस्ट्रिब्यूटर्स के पैसे लौटाने का दिया आदेश
सिनेमाई पर्दे को अलविदा कहकर राजनीति के मैदान में उतर चुके थलपति विजय की आखिरी फिल्म को लेकर एक ऐसी हैरान करने वाली खबर सामने आई है, जिसने फैंस को मायूस कर दिया है. महीनों पहले पूरी हो चुकी यह फिल्म इस साल की शुरुआत में ही सिनेमाघरों में तहलका मचाने वाली थी, लेकिन वक्त बीतने के बाद भी फिल्म अब तक रिलीज नहीं हो सकी है. सेंसर बोर्ड के चक्करों में फंसी इस फिल्म को लेकर अब खुद सीएम विजय ने एक ऐसा चौंकाने वाला फैसला लिया है, जिससे करोड़ों का नुकसान तय माना जा रहा है.
डिस्ट्रिब्यूटर्स को पैसे रिफंड करने का आदेश
फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज का इंतजार कर रहे डिस्ट्रिब्यूटर्स के लिए एक बड़ी खबर आई है. सेंसर बोर्ड से क्लियरेंस मिलने में हो रही देरी को देखते हुए सुपरस्टार विजय ने खुद बड़ा फैसला लेते हुए केवीएन (KVN) प्रोडक्शंस को आदेश दिया है कि वे सभी डिस्ट्रिब्यूटर्स का पैसा रिफंड कर दें. प्रोडक्शन हाउस के बिजनेस हेड मोहन सुप्रिथ ने भी इस बात की पुष्टि की है कि डिस्ट्रीब्यूटरों को इस तरह अधर में लटकाना ठीक नहीं है.
छह महीने से अटका है सेंसर क्लियरेंस
आपको बता दें कि विजय की यह आखिरी फिल्म इसी साल जनवरी में पोंगल के खास मौके पर रिलीज होने वाली थी. लेकिन फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद भी इसे सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से अब तक क्लियरेंस सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया है. छह महीने से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी मेकर्स को अब तक सेंसर बोर्ड की तरफ से कोई अंतिम हरी झंडी नहीं मिली है.
ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम ने तोड़ा एग्रीमेंट
सेंसर बोर्ड में फिल्म अटकने का असर इसके डिजिटल राइट्स पर भी पड़ा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मशहूर ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजॉन प्राइम वीडियो ने इस फिल्म के डिजिटल राइट्स को 120 करोड़ रुपये में खरीदा था. लेकिन रिलीज में लगातार हो रही देरी की वजह से अमेजॉन प्राइम ने इस एग्रीमेंट को टर्मिनेट (रद्द) कर दिया है और मेकर्स पर केस करने की चेतावनी भी दी है.
लीक हो गया था फिल्म का एचडी प्रिंट
इस फिल्म पर मुसीबतों का पहाड़ तब और टूट गया जब इसी साल अप्रैल के महीने में 'जन नायकन' का हाई-डेफिनिशन (HD) प्रिंट इंटरनेट पर लीक हो गया था. फिल्म के ऑनलाइन लीक होने के बाद मेकर्स ने तुरंत कानूनी कार्रवाई की थी और इस पूरे मामले में पुलिस ने जांच करते हुए करीब 15 लोगों को गिरफ्तार भी किया था.
ब्लॉकबस्टर होने की थी उम्मीद और शानदार स्टारकास्ट
ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला के अनुसार इस फिल्म में बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने का दम था और यह अकेले तमिलनाडु से ही 150 से 200 करोड़ रुपये का बिजनेस कर सकती थी. एच विनोत के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, बॉबी देओल और प्रकाश राज जैसे बड़े कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं. राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने से पहले फैंस विजय को आखिरी बार बड़े पर्दे पर देखने के लिए सोशल मीडिया पर लगातार फिल्म की रिलीज की मांग कर रहे हैं.