---विज्ञापन---
Taylor Swift के कॉन्सर्ट में ‘आतंकी हमले’ की साजिश! 21 साल के आरोपी का सालों बाद कबूलानामा, जानें पूरा मामला
Taylor Swift Concert Controversy: हॉलीवुड की क्वीन ऑफ पॉप टेलर स्विफ्ट (Taylor Swift) एक बार फिर से सुर्खियों में हैं. इस बार सिंगर टेलर स्विफ्ट एक संगीन और गंभीर मामले की वजह से चर्चा में हैं. ये मामला टेलर स्विफ्ट के साल 2024 में रद्द हुए एराज टूर के तीन शो से जुड़ा है. दरअसल, इस कॉन्सर्ट में आतंकी हमले की साजिश रची जा रही थी, जिसको लेकर ऑफिसर ने चेतावनी दी और टेलर स्विफ्ट का ये शो रद्द हो गया. अब दो साल बाद इस आतंकी हमले की प्लानिंग करने वाले आरोपी ने कोर्ट में अपना जुर्म कबूला है. चलिए आपको पूरा मामला समझाते हैं.
इस मामले की शुरुआत साल 2024 में टेलर स्विफ्ट के एराज टूर के दौरान होने वाले 3 शो के रद्द होने से हुई. पुलिस ऑफिसर ने चेतावनी दी थी कि इस कॉन्सर्ट में आतंकी हमले की साजिश रची जा रही है. इस दौरान पुलिस ने कॉन्सर्ट से ठीक दो दिन पहले एक 21 साल के ऑस्ट्रियाई व्यक्ति पर हमले की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया.
जानकारी के अनुसार, यह भी आरोप लगाया गया था कि वह मई 2023 से एक आतंकी संगठन का सदस्य था. एक न्यूज एजेंसी के अनुसार, प्रॉसिक्यूटर ने कहा कि इस ऑस्ट्रियाई व्यक्ति ने टेलर स्विफ्ट के कॉन्सर्ट में 'आतंकवादी हमले' की योजना बनाई थी और उसकी तैयारी की थी.
वहीं, इस घटना के 2 साल बाद अब, इस आरोपी ने ऑस्ट्रियाई कोर्ट में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. हाल ही में इस 21 साल के आरोपी को आतंकवाद और बाकी आरोपों के तहत अदालत में पेश किया गया, जहां वकील ने एएफपी को बताया कि अगस्त 2024 में गिरफ्तारी के बाद से पुलिस हिरासत में रह रहे आरोपी ने हत्या के प्रयास को छोड़कर सभी आरोपों में अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
प्रॉसिक्यूटर के अनुसार, उस आरोपी ने कथित तौर पर हथियार हासिल करने की कोशिश की थी और छर्रे वाले बम बनाने पर काम किया था. उन्होंने आगे कहा कि आरोपी को कथित तौर पर आईएस से धमाके को संभालने का निर्देश मिला था.
इसके अलावा, मीडिया रिपोर्टों से पता चलता है कि आरोपी कई विदेशी हमलों की साजिश रचने में भी शामिल था. खबरों के मुताबिक, उसने दुबई और इस्तांबुल में हमले की योजना बनाई थी, लेकिन वो कभी इसे अंजाम नहीं दे पाया.