---विज्ञापन---
Cannes Film Festival 2026: गले में तुलसी माला और हाथ में गीता, कौन है ये सिंगर, जिनके अनोखे लुक ने कान्स में मचाई धूम
Who is Aarti Khetarpal: 12 मई से 23 मई तक कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन हो रहा है. इस फिल्म फेस्टिवल में भारतीय सिनेमा के स्टार्स भी रेड कार्पेट पर अपना जलवा बिखेरते नजर आ रहे हैं. इसी ग्लैमर के बीच भारतीय संस्कृति और आस्था की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली. दरअसल ग्रैमी नॉमिनेटेड सिंगर आरती खेतरपाल का लुक देखकर हर कोई चौंक उठा. फैशन के साथ ही आरती ने यहां सनातन धर्म को गर्व के साथ पेश किया. सोशल मीडिया पर उनकी खूब चर्चा हो रही. उनका लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे ‘फैशन और भक्ति का सुंदर मेल' बता रहे हैं.
कान्स में बिखेरा जलवा
कान्स फिल्म फेस्टिवल में आरती एक सुनहरे रंग के खूबसूरत लहंगे में नजर आईं. इस लहंगे पर वृंदावन की आध्यात्मिक छवियां, मंदिर और भगवान कृष्ण की झलक साफ दिख रही थी. भारतीय संस्कृति और आध्यात्म को समेटे ये लहंगा आरती पर खूब जंच रहा है.
गले में तुलसी माला और हाथ में गीता
इसके साथ ही गले में तुलसी की माला, हाथ में छोटी भगवद गीता और नाम जप की पोटली लेकर आरती रेड कार्पेट पर चलीं. ओवरऑल उनके अनोखे लुक ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा. पोल्की ज्वेलरी, लाल लिपस्टिक और खुले बालों के साथ आरती बेहद ही खूबसूरत लग रही थीं.
कौन हैं आरती खेतरपाल?
बता दें आरती खेतरपाल मूल रूप से भजन गायिका हैं. साल 2018 में उन्हें मीका सिंह के गाने ‘समा' से पहचान मिली, लेकिन बाद में उन्होंने ग्लैमर की दुनिया छोड़कर भक्ति की राह चुनी. आरती अब तक वो 3000 से ज्यादा भजन कार्यक्रम कर चुकी हैं. वो वृंदावन में रहती हैं.
रेड कार्पेट पर सनातन धर्म
कान्स फिल्म फेस्टिवल से अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए आरती ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि कान्स के इतिहास में पहली बार उन्होंने सनातन धर्म को इस अंदाज में रेड कार्पेट पर दिखाया. उन्होंने इस मौके को भगवान कृष्ण, वैष्णव परंपरा, गुरुओं और संतों को समर्पित किया. वेद व्यास जी को धन्यवाद देते हुए उन्होंने भगवद गीता का जिक्र भी किया.
परिवार को कहा शुक्रिया
इसके साथ ही आरती ने अपने परिवार का शुक्रिया किया और बताया कि उनकी मां ने उन्हें कृष्ण भक्ति सिखाई. इस साल उनके पिता की फिल्म भी कान्स में दिखाई जा रही है, जो पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है. सोशल मीडिया पर आरती की जमकर तारीफ हो रही है.