Wednesday, 10 June, 2026

---विज्ञापन---

Back

कौन हैं सपना चौधरी के पति वीर साहू? जिनपर 6 साल बाद पत्नी ने लगाए घरेलू हिंसा के आरोप

---विज्ञापन---

हरियाणवी डांसिंग क्वीन सपना चौधरी इन दिनों अपनी प्रोफेशनल लाइफ नहीं बल्कि निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट ने सपना चौधरी को अंतरिम सुरक्षा प्रदान करते हुए उनके पति यशवीर साहू उर्फ वीर साहू को उनसे किसी भी तरह का संपर्क करने या उनके करीब आने से रोक दिया है. कोर्ट का यह आदेश सपना की आने वाली फिल्म 'मोमाकू' के प्रीमियर से ठीक पहले आया है. इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर एक बार फिर सपना और उनके पति वीर साहू चर्चा का विषय बन गए हैं. ऐसे में लोग जानना चाहते हैं कि आखिर वीर साहू कौन हैं, उनकी और सपना की मुलाकात कैसे हुई थी और आखिर ऐसा क्या हुआ कि मामला कोर्ट तक पहुंच गया.

गुपचुप शादी से सबको चौंकाया

सपना चौधरी और वीर साहू ने जनवरी 2020 में बेहद सादगी और गोपनीय तरीके से शादी की थी. दिलचस्प बात यह रही कि उनकी शादी की खबर करीब नौ महीने तक सबके सामने नहीं आई थी. जब सपना के मां बनने की खबरें सामने आईं और तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं, तब वीर साहू फेसबुक लाइव के जरिए सामने आए और उन्होंने सपना को अपनी पत्नी बताया. बताया जाता है कि शादी को सीक्रेट रखने की वजह परिवार में हुए एक बुजुर्ग के निधन को माना गया था, जिसके चलते दोनों ने किसी तरह का जश्न नहीं मनाया.

---Advertisement---

ऐसे शुरू हुई थी लव स्टोरी

सपना चौधरी ने एक इंटरव्यू में अपनी लव स्टोरी का खुलासा किया था. उनके मुताबिक दोनों की पहली मुलाकात साल 2015-16 के दौरान हिसार की एक गोशाला में कार्यक्रम के दौरान हुई थी. पहली मुलाकात में सपना को वीर साहू काफी सख्त और कम बोलने वाले इंसान लगे थे. बाद में दोनों की मुलाकात एक अवॉर्ड शो में हुई. धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्यार में बदल गई. सपना ने बताया था कि वीर साहू दिखावे से दूर और बेहद सच्चे स्वभाव के व्यक्ति हैं, जिसकी वजह से दोनों एक-दूसरे के करीब आए.

कौन हैं वीर साहू?

वीर साहू हरियाणा के पॉपुलर सिंगर, गीतकार, संगीतकार और स्टेज परफॉर्मर हैं. हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में उनकी मजबूत पहचान है और उन्हें कई लोग हरियाणा का बब्बू मान भी कहते हैं. उनके गाने देसी संस्कृति और हरियाणवी अंदाज को दिखाते हैं, जिसकी वजह से वे यूथ के बीच काफी पॉपुलर हैं. म्यूजिक के अलावा वीर साहू हरियाणवी फिल्मों और अन्य मनोरंजन प्रोजेक्ट्स से भी जुड़े रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है.

---Advertisement---

दो बच्चों के माता-पिता हैं सपना और वीर

शादी के बाद सपना और वीर दो बेटों के माता-पिता बने. उनके बड़े बेटे का नाम पोरस और छोटे बेटे का नाम शाहवीर है. हालांकि, सपना ने अपने दोनों बच्चों को लाइमलाइट और सोशल मीडिया से दूर रखा है.

क्यों पहुंचा मामला कोर्ट?

सपना चौधरी ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि उनके पति ने कई बार उनके साथ मारपीट की और सार्वजनिक स्थानों पर भी हंगामा किया. सपना का दावा है कि लगातार हो रही कथित हिंसा के कारण उन्हें अपने दोनों बच्चों के साथ ससुराल छोड़ना पड़ा.

---Advertisement---

क्या है कोर्ट का आदेश?

इसी शिकायत के आधार पर कोर्ट ने उन्हें अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है. साथ ही वीर साहू को सपना के घर, ऑफिस और उनकी फिल्म 'मोमाकू' के प्रीमियर इवेंट के आसपास जाने से भी रोक दिया गया है. यह आदेश अगली सुनवाई तक रहेगा.

First published on: Jun 10, 2026 01:47 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.

Sponsored Links by Taboola