---विज्ञापन---
सुशांत सिंह राजपूत की मौत से सहम गए थे शिशिर शर्मा, सालों बाद एक्टर को याद कर बोले-‘आंसू नहीं रोक पाया..’
बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन को करीब 6 साल होने जा रहे हैं. साल 2020 में उन्होंने अपने मुंबई स्थित अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली थी और उनके इस तरह से चले जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री हिल गई थी. एक्टर के निधन से सभी हैरान थे. हालांकि 6 साल बाद भी उनकी मौत को लेकर संदेह बना हुआ है कि क्योंकि कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने खुदकुशी की थी, तो उनके परिवार का मानना है कि उनकी हत्या की गई थी. वहीं, अब सालों बाद सुशांत के को-स्टार शिशिर शर्मा ने उन्हें याद किया है और बताया है कि जब उन्हें एक्टर की मौत की खबर मिली थी, तो उन्हें कैसा महसूस हुआ था.
सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर शिशिर ने की कई बातें
दरअसल, शिशिर हाल ही में सिद्धार्थ कनन के पॉडकास्ट में पहुंचे थे. जहां उन्होंने सुशांत सिंह को लेकर काफी बातें शेयर की. इस दौरान उन्होंने सुशांत की सुसाइड को लेकर भी अपना रिएक्शन बताया और कहा कि वह इस बात को मानने को ही तैयार नहीं थे कि सुशांत ने सुसाइड कर लिया है. उन्होंने कहा कि वह ऐसा था ही नहीं कि वह इस तरह का कदम उठा सके.
सुशांत संग फिल्म छिछोरे में काम कर चुके हैं शिशिर
शिशिर ने पॉडकास्ट में कहा, "जब मैंने टीवी शो यहां मैं घर-घर खेली में काम कर रहा था, तब सुशांत शो पवित्र रिश्ता में था. दोनों पास में ही शूट करते थे और लंच ब्रेक में साथ बैठकर खाना खाते थे. जब नितेश तिवारी ने मुझे छिछोरे में कास्ट किया और बताया कि सुशांत सिंह राजपूत भी इसका हिस्सा होंगे, तो मैं बहुत एक्साइटेड हो गया था. मैं उस इंसान के साथ काम करना चाहता था. मैं सेट पर पहुंचा और हम दोनों ने एक दूसरे को गले लगाया जैसे कुंभ मेले में कहीं खो गए और अब दोनों मिले.
सुशांत की मौत पर रो पड़े थे शिशिर
शिशिर ने आगे कहा, "जब मुझे सुशांत के बारे में शाम को 4 बजे मैसेज आया, मैं अपने आंसू नहीं रोक पाया. बहुत मुश्किल था. अंदर से एक झटका लगा था कि कैसे? क्यों? इतना बेहतरीन एक्टर, सुलझा हुआ आदमी ऐसे क्यों करेगा?कुछ तो कारण होगा. वरना ऐसे कोई खुदकुशी थोड़ी कर लेता है. बहुत दुख हुआ. अब किससे बात करें, क्या करें? मैंने छोड़ दिया और कहा कि ये बहुत दुख की बात है कि ऐसा कुछ ऐसे इंसान के साथ हुआ है, जिसने एक्टिंग के पेशे को इतना सीरियसली लिया था.'
मुझे नहीं लगता कि वो सुसाइड था-शिशिर शर्मा
आखिर में सुशांत के सुसाइड को लेकर शिशिर ने कहा, " मुझे नहीं लगता कि वो सुसाइड था. वो ऐसा इंसान नहीं था जो ऐसा कदम उठाएगा. वो बहुत ही सुलझा हुआ आदमी था, बहुत ज्यादा सुलझा हुआ था. मुझे शक है कि वो सुसाइड करेगा. ऐसा करने के लिए तुम्हें बहुत हिम्मत चाहिए.
सुशांत की मौत खूब मचा था बवाल
आपको बता दें कि साल 2020 की 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत अपने मुंबई स्थित बांद्रा वाले घर में मृत पाए गए थे. इस घटना ने पूरे देश को हैरान कर दिया था. सोशल मीडिया पर भी इसके खूब चर्चे थे. इस पूरी घटना के बाद मुंबई पुलिस, ED, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, सीबीआई सभी जांच में जुटे थे. हालांकि आखिर में इसका कोई परिणाम नहीं निकला. कुछ वक्त पहले ही सीबीआई ने अनाउंस किया कि एक्टर ने खुदकुशी की थी. बता दें कि इस मामले में सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को भी अरेस्ट किया गया था. हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया.