---विज्ञापन---
शाहरुख खान ने माफ किया था जिस फिल्म का कर्ज, उसी ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास, कमाया 583% मुनाफा
Shah Rukh Khan Help Film Deool Band 2: इस समय बॉक्स ऑफिस पर मराठी फिल्म 'देऊल बंद 2' सफलता की एक नई कहानी लिख रही है. बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुई फिल्म 'देऊल बंद 2' साल 2026 की सबसे ज्यादा प्रॉफिट कमाने वाली मराठी मूवी बन चुकी है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी फिल्म 'देऊल बंद 2' को सिनेमाघरों तक पहुंचाने में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान का बहुत बड़ा हाथ है, जिसके बारे में खुद फिल्म के मेकर्स ने बताया है? चलिए जानते हैं कि आखिर शाहरुख खान का इस फिल्म से क्या कनेक्शन है.
फिल्म ने कमाया 583% मुनाफा
फिल्म ट्रैकर Sacnilk के अनुसार, बताया जाता है कि सिर्फ 8-10 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म 'देऊल बंद 2' ने अब तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 81.78 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. इसी के साथ फिल्म का प्रॉफिट परसेंटेज 583.75 प्रतिशत रहा. यह फिल्म साल 2015 में आई मूवी 'देऊल बंद' की सीक्वल है.
शाहरुख खान ने की मदद
लेकिन, इस फिल्म को रिलीज से पहले एक बड़ी मुश्किल का सामना करना पड़ा था. उस वक्त शाहरुख खान ने इस फिल्म की मदद की थी. प्रवीण तारदे ने बताया कि शाहरुख खान ने एक अहम मौके पर आगे आकर फिल्म मेकर्स की मदद की और 42-45 लाख रुपये का बिल माफ कर दिया.
क्या बोले प्रवीण तारदे?
तारदे ने कहा कि उन्होंने शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट से डिजिटल सिनेमा पैकेज (डीसीपी) के लिए कॉन्टेक्ट किया था. डीसीपी सिनेमाघरों में फिल्मों को रिलीज करने के लिए जरूरी डिजिटल फॉर्मेंट है. फिल्म के पॉड्यूसर ने इस प्रक्रिया के लिए करीब 12 लाख रुपये का बजट रखा था, लेकिन उन्हें बताया गया कि अनुमानित खर्च 42 लाख रुपये होगा.
मदद की गुजारिश...
तारदे ने कहा, 'बिल 42 लाख रुपये का आया था. हमारे पास इतने पैसे नहीं थे और न ही कोई ऐसा जरिया था जिससे हम इतने पैसों का इंतजाम कर सकें. इसके बाद हमने रेड चिलीज से कॉन्टेक्ट किया और उन्हें पूरी बात समझाई और उनसे मदद की गुजारिश की.'
उनका बिल माफ...
तारदे ने आगे कहा, 'उन्होंने (शाहरुख खान) अपनी टेक्निकल टीम से इस बारे में पूछा. टीम ने बताया कि यह फिल्म 'मुल्शी पैटर्न' के मेकर्स की है. जैसा कि बाद में 'मुल्शी पैटर्न' की रिमेक फिल्म 'अंतिम' सलमान खान ने बनाई थी. इसलिए शाहरुख हमारे काम को जानते थे. फिर उन्होंने 'देऊल बंद 2' के बारे में पूछा. इसके बाद उन्होंने बस इतना कहा, 'उनका बिल माफ कर दीजिए. यह एक मराठी फिल्म है. इन्हें डीसीपी दे दीजिए. पेमेंट का हिसाब हम बाद में कर लेंगे.'
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.