---विज्ञापन---
मां के निधन से बुरी तरह टूटीं रानी मुखर्जी, सहारा बने शाहरुख खान, अंतिम संस्कार में उमड़ा सितारों का हुजूम
Rani Mukerji Mother Krishna Mukerji Death Funeral Photos: रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी के अंतिम संस्कार में शाहरुख खान से लेकर आलिया भट्ट और अनिल कपूर समेत कई बॉलीवुड सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचे.
Rani Mukerji Mother Krishna Mukerji Death Funeral Photos: बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ उनके फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई. बीते दिन रानी की मां कृष्णा मुखर्जी का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें शाहरुख खान से लेकर आलिया भट्ट और अनिल कपूर समेत कई बॉलीवुड सितारे पहुंचे. इन सितारों ने रानी और उनके परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. कृष्णा मुखर्जी का अंतिम संस्कार मुंबई के जुहू स्थित पवन हंस श्मशान घाट में भारी सुरक्षा के बीच किया गया.
सहारा बने शाहरुख खान
रानी मुखर्जी अपनी मां कृष्णा मुखर्जी के निधन से सदमे में हैं. इस दुख की घड़ी में शाहरुख खान अपनी दोस्त रानी के साथ खड़े रहे. कृष्णा मुखर्जी को अंतिम विदाई देने के लिए शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी खान के साथ पवन हंस श्मशान घाट पहुंचे.
करण जौहर ने दी अंतिम विदाई
शाहरुख के अलावा करण जौहर भी अपनी पुरानी और खास दोस्त को संभालने पहुंचे. कृष्णा मुखर्जी के अंतिम संस्कार में करण जौहर भी काफी इमोशनल दिखाई दिए. कड़ी सुरक्षा के बीच करण जौहर श्मशान घाट पहुंचे.
आलिया और अनिल ने दी अंतिम श्रद्धांजलि
आलिया भट्ट और अनिल कपूर भी कृष्णा मुखर्जी को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए पवन हंस श्मशान घाट पहुंचे. जहां उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. वहीं, आमिर खान और शिल्पा शेट्टी खबर मिलते ही रानी के घर पहुंचे थे.
कृष्णा मुखर्जी के निधन की खबर
बता दें कि परिवार ने मंगलवार को कृष्णा मुखर्जी के निधन की जानकारी दी. मुखर्जी परिवार ने एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का मंगलवार दोपहर निधन हो गया है. इसके साथ ही परिवार ने मीडिया और फैंस से इस दुख की घड़ी में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की.
कौन थीं कृष्णा मुखर्जी?
मालूम हो कि कृष्णा मुखर्जी एक प्लेबैक सिंगर थीं. उन्हें लोगों के बीच पहचान साल 1982 में आई फिल्म ‘तीसरी आंख’ के गाने ‘ईद के दिन गले मिल ले राजा’ से मिली थी. कृष्णा मुखर्जी ने ‘हम हिंदुस्तानी’ और ‘लीडर’ जैसी फिल्मों में भी काम किया था. कृष्णा मुखर्जी ने फिल्ममेकर राम मुखर्जी से शादी की थी. इस शादी से कपल के दो बच्चे हैं, बेटी रानी मुखर्जी और बेटा राजा मुखर्जी.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.