---विज्ञापन---

‘लावारिस नहीं, जिंदा हूं…’Rahul Roy ने फेक वीडियो पर किया रिएक्ट, ट्रोलर्स को भी दिया करारा जवाब

---विज्ञापन---

आशिकी फिल्म से रातों रात स्टार बने राहुल रॉय इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं. एक्टर को काफी वक्त से लगातार ट्रोल किया जा रहा है. इतना ही नहीं उन्हें एक इंफ्लूएंसर के साथ रील बनाने को लेकर भी खूब ट्रोल किया गया है. वहीं अब इस पूरे मामले पर राहुल रॉय ने रिएक्ट किया है. साथ ही ट्रोलर्स की जमकर क्लास लगाई है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट किया है.

राहुल ने इंस्टाग्राम पर बहन और जीजा के साथ शेयर किया पोस्ट

दरअसल, राहुल रॉय ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट शेयर किया है. साथ ही इस पोस्ट के साथ उन्होंने अपनी बहन और जीजा के साथ तस्वीर शेयर की है. उन्होंने कैप्शन में लिखा, "आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद जिन्होंने मुझे प्यार और समर्थन दिया. यह संदेश मेरे सभी नफरत करने वालों, ट्रोलर्स और फर्जी वीडियो बनाने वालों के लिए है. मैं सुरक्षित हूं और मेरी बहन @harimaapriyanka और जीजा @romeersen मेरा अच्छे से ख्याल रख रहे हैं. मैं अपनी बहन के घर पर रहता हूं. माढ में हमारा एक प्यारा सा घर है, और वह मुझसे बहुत प्यार करती है, जो मुझे दुनिया का सबसे खुशनसीब भाई बनाता है.

---Advertisement---

राहुल ने फर्जी वीडियो पर लोगों को लताड़ा

उन्होंने आगे लिखा, " मेरा जुड़वा भाई रोहित रॉय कनाडा में रहता है, दुर्भाग्य से रोहित के काम के दबाव के कारण मैं उससे लगभग 9 सालों से नहीं मिला हूं. मेरे पास कपड़े हैं, जूते हैं, खाना है, गाड़ी है, मैं सड़क पर बेसहारा नहीं हूं, जो फर्जी वीडियो आ रहे हैं, वे सच नहीं हैं. मेरी बहन हरि मां और मेरे जीजा रोमीर सेन ने मुझे सब कुछ दिया है, प्लीज उनकी मानसिक शांति भंग न करें, वे ही मेरे एकमात्र सहारा हैं. मेरी समस्या यह है कि मुझे घर पर रहना, सादे और आरामदायक कपड़े पहनना पसंद है, जो मेरी निजी पसंद है. मैं बॉडीगार्ड नहीं रखता, यह मेरी निजी पसंद है. अगर मैं कभी-कभी ऑटो से यात्रा करता हूं, तो यह आसान और तेज है, यह मेरी निजी पसंद है. मैंने वे रीलें सादगी से बनाईं, चालाकी से नहीं. यह काम था, मुझे कोई आर्थिक मदद नहीं मिली.

ट्रोलर्स को दिया राहुल ने करारा जवाब

एक्टर ने आगे कहा, " मैं हमेशा सोचता हूं कि काम काम होता है, यह मेरी निजी पसंद है, मेरे फैसले मेरे हैं, और मैंने अच्छे काम का लंबे समय तक इंतजार किया, लेकिन वह मिला नहीं. मैं खाली नहीं बैठ सकता, और ज़ाहिर है मुझे अपने निजी अदालती मामलों का भी ध्यान रखना है. अगर कोई वीडियो बनाकर यह दावा करे कि वह मेरी मदद कर रहा है या उसे मेरी आर्थिक मदद के लिए पैसों की ज़रूरत है, तो कृपया उन पर ध्यान न दें और अभी तक मैंने किसी भी न्यूज़ चैनल, पत्रिका, पॉडकास्टर या यूट्यूबर को इंटरव्यू नहीं दिया है. सकारात्मक रहें. अगर मुझे कोई अच्छी फिल्म मिलती है, तो आप मुझे फिर से फिल्मों में देखेंगे. तब तक मुझे मेरे मौजूदा काम में देखते रहिए. मैं ज़िंदा हूं.

---Advertisement---

अपनी फाइनेंशियल स्थिति पर बोले राहुल

बता दें कि तीन दिन पहले भी राहुल ने लोगों को ट्रोल करने पर गुस्सा निकाला था. उन्होंने लंबा चौड़ा पोस्ट करते हुए कहा, "मैं अपना काम ईमानदारी और विनम्रता से करता हूं. मुझे कुछ कानूनी मामलों का भुगतान करना है, और ये आज के नहीं हैं, ये उस समय के हैं जब ब्रेन स्ट्रोक नहीं हुआ था. अगर आप मेरी सादगी या मेरी परेशानियों का मज़ाक उड़ाते हैं, ट्रोल करते हैं, तो यह मेरे बारे में कम और आपके बारे में ज़्यादा बताता है.

लोगों के मजाक उड़ाने पर कही ये बात

एक्टर ने आगे कहा, "अगर आपको सच में इतनी चिंता है, तो मुझे कोई अच्छा और सही काम दिलाने में मदद कीजिए, ताकि मैं अपने पैसों का भुगतान कर सकूं. कम से कम मैं मेहनत करके कमा रहा हूँ, दूसरों का मजाक उड़ाकर नहीं और ब्रेन स्ट्रोक के बाद मेरे लिए सक्रिय रहना ज़रूरी है. मैं जब तक जिंदा हूं, तब तक काम करना चाहता हूं. इससे मेरा दिमाग सक्रिय रहता है और मुझे यह एहसास व ज़िम्मेदारी मिलती है कि मैं आज भी काम कर रहा हूं. हां, इससे कभी-कभी थोड़ा दुख हो सकता है, लेकिन आप मुझे तोड़ नहीं सकते.

---Advertisement---

इंफ्लूएंसर के साथ वीडियो बनाने पर हुए थे ट्रोल

बता दें कि राहुल रॉय 90 के दशक के जाने माने एक्टर थे. वह फिल्म आशिकी से रातों रात स्टार बन गए. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही. हालांकि बाद में उन्होंने जो भी फिल्में की वह फ्लॉप रही. जिसके कारण उनका करियर बर्बाद हो गया. फिर उन्होंने धीरे-धीरे फिल्मों से दूरी बना ली. हालांकि वह हाल ही में उनका साधारण कपड़ों में वीडियो वायरल हुआ था. जिस पर वह ट्रोल हुए थे. इतना ही नहीं वह हाल ही में एक इंफ्लूएंसर के साथ वीडियो बनाने के कारण ट्रोल हो गए थे.

First published on: May 03, 2026 07:14 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.