---विज्ञापन---
कॉमेडी किंग का बेटा कभी करता था कारपेट साफ, रचाई तीन शादियां, आज है म्यूजिक इंडस्ट्री का बड़ा नाम
बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर बड़ा मुकाम हासिल किया है. वहीं, कुछ सितारे ऐसे भी हैं, जिनके माता-पिता पहले से ही फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपनी अलग पहचान बनाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा. आज हम ऐसे ही एक कलाकार की बात कर रहे हैं, जिनके पिता हिंदी सिनेमा के दिग्गज कॉमेडियन थे. हालांकि, उन्होंने अभिनय के बजाय संगीत की दुनिया में अपना करियर बनाया और आज वह देश के सबसे लोकप्रिय गायकों में गिने जाते हैं.
फिल्मों और गानों से बनाया नाम
इस कलाकार ने न सिर्फ कई सुपरहिट गाने गाए, बल्कि कई फिल्मों में अभिनय भी किया. इसके अलावा उनकी निजी जिंदगी भी हमेशा चर्चा में रही. उन्होंने अपने जीवन में तीन शादियां की हैं.
कारपेट साफ करने का लकी अली ने किया काम
दरअसल, हम बात कर रहे हैं लकी अली की. उनका असली नाम मकसूद महमूद अली है और वह मशहूर अभिनेता व कॉमेडियन महमूद के बेटे हैं. फिल्मी परिवार में पले-बढ़े होने के बावजूद उन्होंने अभिनय की जगह संगीत को अपना करियर चुना. सफलता मिलने से पहले उन्होंने कई छोटे-मोटे काम किए. उन्होंने कारपेट साफ करने का काम किया और ऑयल रिग पर भी नौकरी की. ये सभी अनुभव उनके संघर्ष भरे सफर का अहम हिस्सा रहे हैं.
ऐसे हुए म्यूजिक की शुरुआत
इसके बाद साल 1996 में उन्होंने अपना पहला एल्बम 'सुनो' रिलीज किया. यह एल्बम जबरदस्त हिट साबित हुआ और इसकी सफलता के बाद लकी अली को भारत के सबसे लोकप्रिय नॉन-फिल्म म्यूजिक स्टार्स में गिना जाने लगा. उस दौर में, जब बॉलीवुड म्यूजिक का दबदबा था, तब भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई. 1990 के दशक के आखिर और 2000 के दशक की शुरुआत में उन्होंने लगातार कई सफल एल्बम रिलीज किए. अपनी सुकूनभरी और अलग आवाज के दम पर उन्होंने लाखों लोगों के दिलों में खास जगह बनाई. आज भी लकी अली देश-विदेश में लाइव स्टेज परफॉर्मेंस देते रहते हैं और कई फिल्मों के लिए अपनी आवाज भी दे चुके हैं.
फिल्मों में भी काम कर चुके हैं लकी अली
गानों के अलावा लकी अली ने कई फिल्मों में अभिनय भी किया है. वह 'सुर – द मेलोडी ऑफ लाइफ', 'कांटे', 'कसक', 'मर्डर एट तीसरी मंजिल 302', 'रनवे' और 'लव एट टाइम्स स्क्वायर' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं.
लकी अली ने की तीन शादियां
अगर उनकी निजी जिंदगी की बात करें तो लकी अली ने सबसे पहले न्यूजीलैंड की मेगन जेन मैक्लेरी से शादी की. इस शादी से उनके दो बच्चे हैं. बाद में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद उन्होंने अनाहिता से शादी की, जिनसे उनके दो बच्चे हैं, लेकिन यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चल पाया. इसके बाद लकी अली ने पूर्व ब्रिटिश ब्यूटी क्वीन केट एलिजाबेथ हैलम से तीसरी शादी की. इस शादी से उनका एक बेटा है. लकी अली कुल पांच बच्चों के पिता हैं.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.