Diljit Dosanjh US Show: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर सुर्खियों में हैं, वजह उनका शो है, जिसमें उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सैन फ्रांसिस्को में दिलजीत के लाइव कॉन्सर्ट के दौरान एक शख्स अचानक स्टेज पर चढ़ गया. जहां हजारों फैंस उनकी परफॉर्मेंस देख रहे थे. जिसके बाद हालात अजीब से हो गए, लेकिन इस दौरान जहां दिलजीत दोसांझ ने धैर्य रखते हुए अपनी परफॉर्मेंस पर फोकस किया, तो वही पुलिस ने तुरंत स्थिति पर काबू पाने की कोशिश की. आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है?
कैसे स्टेज पर पहुंचा ये व्यक्ति?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शो के बीच एक व्यक्ति झंडा लेकर अचानक स्टेज पर पहुंच गया. उसकी इस हरकत से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया और दर्शक भी हैरान रह गए. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे कि आखिर वह शख्स स्टेज तक पहुंचा कैसे.
पुलिस ने की तुरंत कार्रवाई
हालांकि, मौके पर मौजूद सिक्योरिटी टीम और पुलिस ने स्थिति को तुरंत संभाला. प्रदर्शनकारी को कुछ ही देर में स्टेज से हटाकर हिरासत में ले लिया गया. अधिकारियों की कार्रवाई के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और कार्यक्रम को जल्द ही सामान्य रूप से आगे बढ़ाया गया.
सिंगर ने अपने गानों से दर्शकों को किया एंटरटेन
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान दिलजीत दोसांझ ने काफी संयम दिखाया. उन्होंने शो को बीच में रोकने के बजाय स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया और फिर अपनी परफॉर्मेंस जारी रखी. सिंगर ने अपने गानों और एनर्जेटिक डांस से दर्शकों का मनोरंजन करना जारी रखा, जिससे माहौल फिर से उत्साह से भर गया.
कुछ कट्टरपंथी समूहों से मिल रही थीं धमकियां
रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कुछ कट्टरपंथी समूहों की ओर से दिलजीत को लेकर विरोध और धमकियों की बातें सामने आई थीं. माना जा रहा है कि यह घटना भी उसी विवाद से जुड़ी हो सकती है. हालांकि, इस मामले में आधिकारिक तौर पर किसी संगठन का नाम सामने नहीं आया है.
सुरक्षा एजेंसियां कार्रवाई में जुटी
दिलजीत पहले भी साफ कर चुके हैं कि उनके शो में किसी तरह की बाधा या दर्शकों को परेशान करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कई मौकों पर कहा है कि ऐसे मामलों में स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत कार्रवाई करती हैं.
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से हो रहा वायरल
बहरहाल, सैन फ्रांसिस्को का यह कॉन्सर्ट दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा वर्ल्ड टूर 2026’ का आखिरी पड़ाव था. 20 और 21 जून को आयोजित चेस सेंटर के इन शो के साथ उनका नॉर्थ अमेरिका टूर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. हालांकि, टूर के खत्म होने से ठीक पहले हुई इस घटना ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है और इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.