---विज्ञापन---
Don 3 छोड़ने पर Ranveer Singh पर बरसे Farhan Akhtar? बातों-बातों में मारा ताना
फरहान अख्तर और रणवीर सिंह के बीच ‘डॉन 3’ को लेकर चल रहे विवाद के बीच फरहान का एक बयान चर्चा में आ गया है. फरहान ने ‘दिल चाहता है’ से जुड़ा एक किस्सा सुनाते हुए बताया कि कैसे शूटिंग शुरू होने से पहले फिल्म छोड़ना लोगों का एक पैटर्न बन गया है. लोग इस बात को रणवीर सिंह से जोड़कर देख रहे हैं.
फरहान अख्तर और रणवीर सिंह के बीच बीते कई महीनों से विवाद चल रहा है। रणवीर सिंह ने फिल्म ‘धुरंधर 2’ की सफलता के बाद फरहान अख्तर की ‘डॉन 3’ को छोड़ने का फैसला किया था। हालांकि, रणवीर के इस फैसले से मेकर्स खासे नाराज थे और उन्होंने एक्टर के खिलाफ केस भी किया। इतना ही नहीं, मेकर्स ने एक्टर से 40 करोड़ रुपये का हर्जाना भरने की भी मांग की थी। हालांकि, इस पूरे विवाद पर फरहान अख्तर और रणवीर सिंह दोनों ही चुप्पी साधे रहे। वहीं, हाल ही में फरहान अख्तर ने रणवीर को लेकर तंज कसा.
सैफ अली खान के दिल चाहते है छोड़ने पर बोले फरहान अख्तर
दरअसल, मानसून फिल्म फेस्टिवल में फरहान अख्तर ने एक ऐसी बात कही, जिससे लोगों ने अंदाजा लगाया कि उन्होंने यह बात रणवीर सिंह के फिल्म ‘डॉन 3’ से अचानक बाहर होने को लेकर कही है. द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बात करते हुए फरहान अख्तर ने बताया कि ‘दिल चाहता है’ की शूटिंग शुरू होने से 10 दिन पहले सैफ अली खान को डेट्स को लेकर दिक्कत हो गई थी, क्योंकि उनकी एक और फिल्म का शेड्यूल बदल गया था. प्री-प्रोडक्शन का काम पूरा हो चुका था और सेट भी तैयार हो रहे थे. ऐसे में फरहान ने कहा कि सैफ के फिल्म से बाहर हो जाने की संभावना ने उन्हें बहुत स्ट्रेस में डाल दिया था. इसी घटना को याद करते हुए फरहान ने फिल्म छोड़ने के ट्रेंड पर बात की.
सैफ अली के फिल्म छोड़ने पर परेशान हो गए थे फरहान
फरहान अख्तर ने कहा, “अचानक सैफ को डेट्स की दिक्कत हो गई. जिस दूसरी फिल्म में उन्हें काम करना था, उसकी डेट्स बदल गईं और वह उस फिल्म को लेकर दुविधा में थे. इसलिए वह मुश्किल सिचुएशन में फंस गए और उन्हें यह फिल्म छोड़नी पड़ी. सबने उन्हें मनाने की कोशिश की और मेरे लिए तो यह बहुत परेशान करने वाली बात थी. क्योंकि जब मैं उनसे मिला और हमने इस पर बात की, तो मुझे लगा कि उनके अलावा कोई और यह रोल नहीं कर सकता था। यह बिल्कुल नामुमकिन था.”
फरहान ने सैफ को फिल्म के लिए मनाया
इसके आगे फरहान ने बताया, “खैर, जो हो रहा था, सो हो रहा था. आमिर और बाकी सभी ने उनसे बात करने की कोशिश की, लेकिन मुझे लगता है कि वह थोड़ी मुश्किल में थे और उन पर बहुत ज्यादा दबाव भी था. फिर आमिर ने मेरी तरफ देखा और कहा, ‘सुनो, किसी और को कास्ट करने का वक्त नहीं है. सारा काम हो चुका है। प्री-प्रोडक्शन पूरा हो गया है। सब शूटिंग के लिए तैयार हैं. सेट बन गया है. तो अब अगर सैफ नहीं कर रहे हैं, तो तुम्हें ही यह करना होगा यार, और कोई नहीं है।’ मैंने कहा, ‘मैं?’ और इससे मुझे सैफ को मनाने की और ज्यादा हिम्मत मिली.”
फरहान ने रणवीर पर कसा तंज
वहीं, इस घटना के बारे में बात करते हुए उन्होंने एक ऐसी बात कही, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया. एक्टर ने फिल्म छोड़ने के इस ट्रेंड को लेकर कहा, “मेरे लिए सच में दिल टूटने जैसा तब था, जब सिर्फ 10 दिन, शायद 10 दिन नहीं, मुझे लगता है कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने में शायद एक महीना ही बचा था और आजकल ऐसा ही होता दिख रहा है. आजकल यह एक पैटर्न बन गया है. और सिर्फ मेरे साथ ही नहीं हुआ." इसके बाद वह हंसने लगे और कहा, “हां, ऐसा भी होता है.” फरहान ने आखिर में माना कि हर किरदार और फिल्म की अपनी किस्मत होती है कि वह किसके साथ जुड़ेगी.
फरहान अख्तर-रणवीर सिंह डॉन 3 विवाद
‘डॉन 3’ को लेकर चल रहे विवाद के बीच फरहान का यह कमेंट अब चर्चा में आ गया है। 2023 में फरहान अख्तर ने रणवीर सिंह को ‘डॉन 3’ के लिए बतौर लीड एक्टर कास्ट किया था और इसकी अनाउंसमेंट भी की थी. एक वीडियो शेयर करते हुए रणवीर सिंह का फर्स्ट लुक जारी किया था. हालांकि, फिल्म में देरी और शेड्यूलिंग से जुड़ी दिक्कतों के कारण रणवीर ने इस फिल्म से अपना नाम वापस ले लिया. जिसके बाद रणवीर और फरहान की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच विवाद शुरू हो गया और यह मामला फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉइज तक पहुंच गया.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.