---विज्ञापन---
‘Ranveer Singh लाखों लोगों को रोजगार देते हैं’,’Don 3′ विवाद में स्टार डायरेक्टर का फूटा गुस्सा, कहा- FWICE को बैन करो!
बॉलीवुड के पावरहाउस एक्टर रणवीर सिंह (Ranveer Singh) इन दिनों अपनी फिल्म 'डॉन 3' (Don 3) को लेकर एक बड़े कानूनी और इंडस्ट्रियल विवाद में फंस गए हैं. फरहान अख्तर की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म से बाहर होने के बाद, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने रणवीर के खिलाफ 'नॉन-कोऑपरेशन' (असहयोग) का नोटिस जारी कर एक तरह का 'शैडो-बैन' लगा दिया है. फेडरेशन ने पूरी इंडस्ट्री को निर्देश दिया है कि विवाद सुलझने तक कोई उनके साथ काम न करे. वहीं अब इस विवाद में बॉलीवुड के बेबाक और दिग्गज डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा (Ram Gopal Varma) की एंट्री हुई है. उन्होंने रणवीर सिंह का खुलकर समर्थन किया है और खुद FWICE को ही बैन करने की मांग कर डाली है.
FWICE को बताया 'कंगारू कोर्ट'
राम गोपाल वर्मा ने फेडरेशन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि FWICE स्थापित कानूनी नियमों और निष्पक्षता की पूरी तरह अवहेलना करता है. यह एक ऐसी संस्था (कंगारू कोर्ट) बन चुकी है जो बिना किसी उचित कानूनी प्रक्रिया के खुद ही न्याय देने का दिखावा करती है.
लाखों मजदूरों को गुमराह करने का आरोप
डायरेक्टर के मुताबिक, जिन लाखों दिहाड़ी मजदूरों और कर्मचारियों की तरफ से FWICE बोलने का दावा करता है, वे असल में रणवीर और मेकर्स के बीच के अंदरूनी विवाद के सच से पूरी तरह अनजान हैं. चंद लोग अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह के फैसले ले रहे हैं.
रणवीर सिंह देते हैं लाखों को रोजगार
आरजीवी ने एक्स (X) पर लिखा कि हर कोई इस सच को अच्छी तरह जानता है कि रणवीर सिंह जैसे बड़े सुपरस्टार्स की वजह से ही इंडस्ट्री चलती है और लाखों फिल्म कर्मचारियों को रोजगार मिलता है. अगर रणवीर सिंह आज किसी प्रोजेक्ट के लिए हां' कह दें, तो कल सुबह उनके घर के बाहर चेक लेकर खड़े प्रोड्यूसर्स की एक किलोमीटर लंबी लाइन लग जाएगी.
'धुरंधर 2' की सफलता और ओटीटी रिलीज
वर्क फ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह हाल ही में आदित्य धर के निर्देशन में बनी ब्लॉकबस्टर स्पाई थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर 2' में नजर आए थे. इस फिल्म में 'हमजा अली मजारी/जसकीरत सिंह रंगी' के रूप में उनके दमदार किरदार को ऑडियंस ने बेहद पसंद किया, जो 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. अब इस फिल्म का 'रॉ एंड अनदेखा' (Uncut) वर्जन 5 जून को जियो हॉटस्टार (JioHotstar) पर स्ट्रीम होने के लिए पूरी तरह तैयार है.
अपकमिंग प्रोजेक्ट 'प्रलय'
'डॉन 3' के विवाद के बीच रणवीर सिंह के फैंस के लिए एक अच्छी खबर यह भी है कि वे जल्द ही हंसल मेहता के बेटे जय मेहता के निर्देशन में बनने वाली फिल्म 'प्रलय' में मुख्य भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है.