---विज्ञापन---
इस खूंखार विलेन की मौत के बाद प्रोड्यूसर्स ने नहीं लौटाया करोड़ों का कर्ज, परिवार ने झेली तंगी, फिर अंडरवर्ल्ड की एक कॉल और….
बॉलीवुड में तमाम ऐसे एक्टर्स हैं, जिन्होंने सालों तक विलेन का रोल किया है. इस लिस्ट में अमरीश पूरी से लेकर प्राण जैसे एक्टर्स तक का नाम शामिल है. हालांकि आज हम एक ऐसे एक्टर के बारे में बात करने जा रहे हैं, जिसने अपने विलेन रोल से खूब लाइमलाइट बटोरी थी. हालांकि जब इस एक्टर का निधन हुआ था, तो इंडस्ट्री में जिन भी लोगों ने उनसे कर्जा लिया था. उन्होंने उनकी मौत के बाद पैसे वापस नहीं किए. जिसके कारण परिवार ने काफी तंगी का भी सामना किया. इतना ही नहीं इस एक्टर के पैसे वापस दिलाने के लिए अंडरवर्ल्ड ने मदद का हाथ बढ़ाया था. तो चलिए जानते हैं इनके बारे में.
अमजद खान के बेटे ने इंडस्ट्री को लेकर किया खुलासा
दरअसल, हम बात कर रहे हैं शोले के विलेन गब्बर यानी कि अमजद खान की. जिनकी मौत के बाद इंडस्ट्री के लोगों ने उनके परिवार से मुंह मोड़ लिया था और उनके बकाया पैसे किसी ने भी वापस नहीं किए, जिसके बाद अंडरवर्ल्ड से अमजद खान की पत्नी को फोन आया था और इसके बारे में खुद एक्टर के बेटे शादाब खान ने खुलासा किया है. हाल ही में विक्की लालवानी के साथ बात करते हुए शादाब ने तमाम बातों का खुलासा किया है, कि कैसे इंडस्ट्री के लोगों ने उनके पिता के बकाया 1.27 करोड़ रुपये लौटाए नहीं थे.
लोगों के पास थे अमजद के 1.27 करोड़ बकाया
अमजद खान की 1992 में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी और वो उस दौरान सिर्फ 51 साल के थे. वह अपने पीछे पत्नी शैला और तीन बच्चे शादाब, सीमाब और अहलम को छोड़ गए थे. एक्टर के जाने के बाद परिवार ने तमाम मुश्किलों का सामना किया. इसी को लेकर शादाब ने बात करते हुए कहा, "इंडस्ट्री पर मेरे पिता के 1.25 करोड़ रुपये बकाया थे, लेकिन मैं गलत था. 1.25 करोड़ नहीं बल्कि 1 करोड़ 27 लाख बकाया थे. बाद में मेरी मां ने मुझे बताया था. उस जमाने में लैब लेटर्स हुआ करते थे. आपको फिल्म के खिलाफ लैब लेटर्स मिलते थे. हमारे पास दर्जनों लैब लेटर्स पड़े थे, जिनकी कीमत 1.27 करोड़ रुपये थी. लेकिन वो पैसे हमें कभी भी वापस नहीं मिले. तो मेरे अंदर उसे लेकर बहुत नाराजगी थी. उस वजह से मैंने बीच में ही फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने का फैसला किया और इससे उबरने में बहुत वक्त लगा कि लोगों ने मेरे पिता के 1.27 करोड़ रुपये चुकाए नहीं, खा गए.
शादाब ने बताया कि प्रोड्यसर्स ने नहीं दिए पैसे
शादाब ने आगे कहा, "फर्क होता है, आप चुका नहीं पाए कि आप कंगाली में थे. आप गरीब थे या आपके पास पैसे नहीं थे और आपके और मेरे पिता की अंडरस्टैंडिंग थी कि मैं दे नहीं पाऊंगा. ऐसे बहुत लोग थे फिल्म मेकर्स जिन्होंने पैसे नहीं दिए और डैड को बोले कि मैं नहीं दे पाऊंगा यार और उन्होंने वो कर्ज माफ कर दिया. लेकिन ये जो पैसे थे बड़े प्रोड्यूसर्स थे, छोटे मोटे लोग नहीं थे. कोई भी आगे नहीं आया पैसे देने को. वो पैसे खा गए. मुझे उनके नाम आज तक पता हैं, पर मैं परवाह नहीं करता.
अमजद की पत्नी ने कभी वापस नहीं मांगे पैसे
इस बीच जब शादाब से पूछा गया कि क्या उन्होंने पैसे मांगने की कोशिश की. इसपर उन्होंने कहा, " मेरी मां ने हमेशा कहा कि अमजद खान ने कभी हाथ फैलाकर अपने पैसे नहीं मांगे और मैं उनकी मौत के बाद ऐसा नहीं करूंगी. देना हैं दे, नहीं तो ऊपर वाला बहुत बड़ा है, संभाल लेगा और उसने संभाल भी लिया. आज के वक्त में 1.27 करोड़ की एक लग्जरी कार आती है और उस दौर में बांद्रा के पाली हिल में 3 से 4 अपार्टमेंट खरीद सकते थे आप इतने पैसे में.
अंडरवर्ल्ड से आया था अमजद की पत्नी को कॉल
शादाब ने बताया कि अंडरवर्ल्ड के लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया था और पैसे दिलाने को लेकर कहा था. उन्होंने कहा, " कुछ लोग आए थे. वो अंडरवर्ल्ड से थे. उन्होंने आगे आकर हमारी तरफ से वह पैसा निकलवाने की इच्छा जताई. लेकिन मेरी मां ने मना कर दिया. बस एक कॉल आया था और वो पिता की मौत के कुछ महीने बाद आया था. एक गैंगस्टर था मिडिल ईस्ट का, जिसने मां को कॉल किया था और कहा था कि उसे पता है कि इंडस्ट्री पर अमजद साहब के पैसे बकाया है. उसे पता था कि कितना अमाउंट है. उसने कहा कि तीन दिनों में तुम्हारा पैसा वापस आ जाएगा, लेकिन मां ने मना कर दिया. मां ने कहा कि मेरे पति ने कभी अंडरवर्ल्ड का फेवर नहीं लिया और मुझे अब कोई ट्रेंड शुरू नहीं करना है. तो बात वहीं खत्म हो गई. बता दें कि एक्टर की मौत के बाद उनकी पत्नी ने परिवार की सारी जिम्मेदारी संभाली और उनका पूरा बिजनेस भी देखा. इतना ही नहीं परिवार को आर्थिक तंगी से भी निकाला.
अमजद खान फिल्में
अमजद खान फिल्म इंडस्ट्री के काफी बड़े एक्टर थे. उन्होंने तमाम फिल्मों में काम किया है. वह शोले, मुकद्दर का सिकंदर , हम किसी से कम नहीं, द ग्रेट गैम्बलर, रुदाली जैसी तमाम फिल्मों में काम किया है. हालांकि वह अपनी फिल्म शोले में गब्बर के किरदार के लिए लोगों के बीच खूब पॉपुलर रहे हैं. इतना ही नहीं, आज भी उनके इस किरदार को लोग काफी पसंद करते हैं.