---विज्ञापन---
20 साल की उम्र में मां बनीं थी ये मशहूर सिंगर, डिलीवरी के दौरान टूट गई थी रीढ़ की हड्डी; 40 की उम्र में किया कमबैक
लोक संगीत की दुनिया में अपनी आवाज का जादू बिखेरने वाली एक मशहूर सिंगर की जिंदगी में एक ऐसा भयानक मोड़ आया था जिसके बारे में जानकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे. करियर के शुरुआती दौर में ही इस सिंगर को एक ऐसे असहनीय दर्द से गुजरना पड़ा जिसने उनकी हंसती-खेलती जिंदगी को पूरी तरह बदल कर रख दिया था. एक बड़ी लापरवाही के कारण उनके शरीर का एक मुख्य हिस्सा टूट गया था और डॉक्टरों ने भी हाथ खड़े कर दिए थे. आइए जानते हैं आखिर क्या था वह दर्दनाक हादसा और कैसे इस सिंगर ने सालों बाद इंडस्ट्री में वापसी की...
कम उम्र में हुई थी शादी
यह मशहूर सिंगर कोई और नहीं बल्कि मालिनी अवस्थी हैं. उन्होंने बताया कि बेहद कम उम्र में ही उनकी शादी कर दी गई थी. उस समय तक वह कई स्टेज शोज करके अपनी एक पहचान बना चुकी थीं. लेकिन उनके पिता अपने रिटायरमेंट से पहले बेटी की शादी करना चाहते थे और उसी दौरान उनकी मां को भी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी हो गई थी. इस पारिवारिक वजह से उन्हें जल्दी शादी के बंधन में बंधना पड़ा.
डिलीवरी के दौरान हुआ बड़ा हादसा
शादी के तुरंत बाद मालिनी प्रेग्नेंट हो गईं और महज 20 साल की उम्र में उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया. उनकी डिलीवरी तो नॉर्मल हुई थी लेकिन बच्चे का सिर बाहर निकालते समय डॉक्टरों की लापरवाही की वजह से उनकी रीढ़ की हड्डी का सबसे निचला हिस्सा यानी टेल बोन टूट गई. उस समय डॉक्टरों की नासमझी के कारण इस बात का किसी को पता ही नहीं चला.
दर्द में बीता लंबा समय
मालिनी अक्सर बैठने में बहुत तेज दर्द की शिकायत करती थीं लेकिन कम उम्र होने के कारण उन्हें लगा कि यह डिलीवरी के बाद का सामान्य दर्द है. उस समय टांके आने, नींद पूरी न होने और वजन बहुत कम हो जाने की वजह से उनकी जिंदगी पूरी तरह अस्त-व्यस्त थी. जब दर्द बर्दाश्त से बाहर हो गया तो उन्होंने मायके जाकर अपने पिता को इस बारे में बताया.
डॉक्टरों ने खड़े कर दिए हाथ
पिता के कहने पर जब डॉक्टरों को दिखाया गया और एक्स-रे हुआ तब जाकर पता चला कि उनकी रीढ़ की हड्डी टूट चुकी है. चूंकि इस हादसे को काफी समय बीत चुका था इसलिए डॉक्टरों ने साफ कह दिया कि अब इसका कोई परमानेंट इलाज नहीं हो सकता और उन्हें इस दर्द के साथ ही रहना होगा.
40 की उम्र में किया धमाकेदार कमबैक
इस असहनीय दर्द और परेशानी के बावजूद मालिनी ने जिंदगी में कभी रुकना नहीं सीखा. बेटी के जन्म के एक साल बाद वह एक बेटे की मां भी बनीं. कुछ सालों तक बच्चों की परवरिश करने के बाद जब वह 40 साल की हुईं तो उन्होंने लोक संगीत की दुनिया में दोबारा कदम रखा और अपनी कड़ी मेहनत से आज यह मुकाम हासिल किया.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.