क्रिकेट की पिच से निकलकर अब टीवी की दुनिया में तहलका मचाने को तैयार विरेंद्र सहवाग जो ‘राइज एंड फॉल’ के दूसरे सीजन को होस्ट कर रहे हैं. जिसमें सोशल मीडिया, राजनीति और टीवी की दुनिया के सितारें एक-दूसरे को पटखनी देते दिखाई देंगे. इसमें ग्लैमर से ज्यादा पावर, रणनीति और गेम खेलने का हुनर देखने को मिलेगा.
कैसा होगा शो?
‘राइज एंड फॉल’ का गेम बाकी रियलिटी शोज से थोड़ा अलग है. यहां कंटेस्टेंट्स को दो ग्रुप में बांटा जाता है. रूलर्स और वर्कर्स. रूलर्स को पेंटहाउस में रहने की सुविधा मिलती है और उनके पास गेम से जुड़े फैसलों में ज्यादा पावर होती है. वहीं वर्कर्स बेसमेंट में रहते हैं और अलग-अलग टास्क के जरिए शो की प्राइज मनी बढ़ाने की कोशिश करते हैं.
आमने-सामने होंगे कंटेस्टेंट
हालांकि, गेम में पावर हमेशा एक जैसी नहीं रहती. वर्कर्स के पास रूलर्स बनने का मौका होता है, जबकि रूलर्स को अपनी जगह बचाने के लिए रणनीति बनानी पड़ती है. ऐसे में दोस्ती, गठबंधन, प्रदर्शन और सही समय पर लिया गया फैसला गेम का पूरा समीकरण बदल सकता है.
किसने जीता था पहला सीजन?
‘राइज एंड फॉल’ के पहले सीजन की ट्रॉफी अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने अपने नाम की थी. उन्हें 28.1 लाख रुपये की प्राइज मनी मिली थी. आरुष भोला शो के रनरअप रहे, जबकि अरबाज पटेल दूसरे रनरअप बने थे. पहले सीजन को अश्नीर ग्रोवर ने होस्ट किया था.
वीरेंद्र सहवाग कर रहे होस्ट
दूसरे सीजन में होस्ट की कुर्सी पर क्रिकेट के दिग्गज वीरेंद्र सहवाग नजर आ रहे हैं. वह अश्नीर ग्रोवर की जगह शो को होस्ट कर रहे हैं. क्रिकेट के मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर रहे सहवाग अब रियलिटी टीवी में कंटेस्टेंट्स की रणनीति और उनके पावर गेम पर नजर रखते दिख रहे हैं.
कौन-कौन बनेगा शो का हिस्सा?
‘राइज एंड फॉल 2’ में कुल 15 कंटेस्टेंट्स नजर आएंगे. इस लिस्ट में करण पटेल, स्वरा भास्कर, तेज प्रताप यादव, निहारिका तिवारी, प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी, सारा गुरपाल, शहजाद पूनावाला, सिवेट तोमर, कायरा अनु, मनीष कश्यप, काजल राघवानी, राज ग्रोवर, इरिना रुदाकोवा और अनीश भगत के नाम शामिल हैं.
कब और कहां देख सकेंगे?
‘राइज एंड फॉल 2’ का प्रीमियर 26 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे हो गया है. शो की स्ट्रीमिंग Prime Video और MX Player पर हुई है. यह सीजन कुल 42 दिनों तक दर्शकों का मनोरंजन करेगा. अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार कौन पावर की ऊंचाई तक पहुंचता है और किसका गेम बीच में ही पलट जाता है.