‘पंचायत’ वेब सीरीज से हर दिल में अपनी ‘प्रधान जी’ की प्यारी सी पहचान बनाने वाले रघुबीर यादव की एक किरदार ने तबीयत खराब कर दी, जी हां एक्टर ने अपनी अपकमिंग वेब सीरीज में एक ऐसा किरदार निभाया है, जिसने उनके हेल्थ पर भी असर डाला है. इस बार एक्टर का नेगेटिव किरदार देखने को मिलेगा. जो उनके लिए बड़ा चैलेंज रहा. खासकर तब, क्योंकि ये रोल उनकी असल शख्सियत से बिल्कुल अलग है. जियो हॉटस्टार की वेब सीरीज ‘हुंकार: द रोर’ में ऐसा ही एक मुश्किल किरदार उन्होंने निभाया है. वह सीरीज में ‘बापजी’ नाम के एक प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरु के किरदार में नजर आएंगे. इस किरदार को निभाते हुए रघुबीर यादव पर इतना मेंटल प्रेशर पड़ा कि शूटिंग के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल तक ले जाना पड़ा.
बापजी के किरदार में दिखेंगे रघुबीर यादव
‘हुंकार: द रोर’ एक कोर्टरूम क्राइम ड्रामा है. कहानी एक 17 साल की लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाले एक ताकतवर शख्स पर सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाती है. सीरीज में इस गुरु को लोग ‘बापजी’ के नाम से जानते हैं और यही किरदार रघुबीर यादव निभा रहे हैं.

रघुबीर यादव की शख्सियत किरदार से अलग
रघुबीर यादव की निजी शख्सियत उनके इस किरदार से बिल्कुल अलग बताई जाती है. ऐसे में बापजी जैसे नेगेटिव किरदार को पर्दे पर उतारना उनके लिए आसान नहीं था. उन्होंने किरदार को सिर्फ निभाया नहीं, बल्कि उसे पूरी शिद्दत से जीने की कोशिश की.
कैसे दूसरों की तकलीफ होती थी महसूस?
एक्ट्रेस फातिमा सना शेख ने रघुबीर यादव से जुड़े इस अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि सेट पर जो भी शख्स बापजी के किरदार की वजह से परेशान होता, रघुबीर उसकी तकलीफ को भी अपने ऊपर ले लेते थे. वह किरदार से जुड़ी परेशानियों को अपने साथ लेकर चलते थे.

धीरे-धीरे इसका असर उनकी मानसिक और शारीरिक सेहत पर भी दिखाई देने लगा. शूटिंग के दौरान उनकी तबीयत अचानक इतनी बिगड़ गई कि उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें दिल से जुड़ी परेशानी का भी सामना करना पड़ा.
अस्पताल से लौटकर फिर शुरू की शूटिंग
हालांकि, इस मुश्किल दौर के बावजूद रघुबीर यादव ने काम से दूरी नहीं बनाई. अस्पताल से लौटने के बाद उन्होंने जल्द ही दोबारा शूटिंग शुरू कर दी. एक्टर का यह जज्बा दिखाता है कि वह अपने किरदार और काम को लेकर कितने गंभीर रहते हैं.
नेगेटिव रोल से मिला एक्सपीरियंस
‘हुंकार: द रोर’ में रघुबीर यादव का यह किरदार दर्शकों के लिए भी काफी अलग होने वाला है. उनके लिए यह सिर्फ एक नेगेटिव रोल नहीं, बल्कि ऐसा अनुभव रहा, जिसका असर शूटिंग के दौरान उनकी सेहत तक पर देखने को मिला.