Lady Gaga Baby: हॉलीवुड की पॉप स्टार लेडी गागा के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है. 40 साल की सिंगर पहली बार मां बनी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेडी गागा और उनके मंगेतर माइकल पोलान्स्की ने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है. खास बात यह है कि दोनों ने अभी शादी नहीं की है. कपल को पहली बार बच्चे के साथ नॉर्थ कैलिफोर्निया में देखा गया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.
बच्चे को सीने से लगाए नजर आईं लेडी गागा
वायरल तस्वीरों में लेडी गागा अपने मंगेतर माइकल पोलान्स्की के साथ कैजुअल अंदाज में टहलती नजर आ रही हैं. इस दौरान उन्होंने अपने बच्चे को सीने से लगा रखा था. हालांकि, कपल ने अभी तक बच्चे से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. बच्चे का नाम, जेंडर और जन्म की तारीख को लेकर भी फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
बच्चे को लेकर कपल ने क्या कहा?
पीपल मैगजीन और पेज सिक्स की रिपोर्ट्स में कपल के माता-पिता बनने की खबर को कन्फर्म किया गया है. वहीं, ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ ने लेडी गागा की टीम से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनकी ओर से कोई रिएक्शन नहीं मिला.
शादी नहीं हुई, 2024 में की थी सगाई
लेडी गागा और माइकल पोलान्स्की लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं. दोनों के रिश्ते की शुरुआत 2019 में हुई थी. अप्रैल 2024 में दोनों ने सगाई कर ली थी. हालांकि, बीच में उनकी गुपचुप शादी की खबरें भी सामने आई थीं, लेकिन बाद में साफ हुआ कि कपल ने अभी सिर्फ सगाई की है.
माइकल ने कब और कैसे किया था प्रपोज?
माइकल ने लेडी गागा को रॉक क्लाइंबिंग ट्रिप के दौरान प्रपोज किया था. सिंगर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि प्रपोज करने से पहले माइकल ने उनसे पूछा था कि क्या वह उनसे कुछ पूछ सकते हैं. इसके बाद उन्होंने शादी के लिए सवाल किया.
मां बनने की इच्छा पहले ही जता चुकी थीं
लेडी गागा पहले भी कई बार मां बनने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं. मार्च 2025 में ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वह मां बनने को लेकर उत्साहित हैं. उन्होंने यह भी कहा था कि वह अपने बच्चों पर अपनी पसंद की जिंदगी थोपना नहीं चाहेंगी और उन्हें अपनी पहचान बनाने की पूरी आजादी देंगी.
अपने मां बनने पर दिया था हिंट!
वहीं, ‘द लेट शो विद स्टीफन कोलबर्ट’ में भी उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि उनका अगला बड़ा रोल मां बनने का होगा. अब इन तस्वीरों को देखकर उनका यह सपना सच होता नजर आ रहा है.
प्रोफेशनल पार्टनर भी हैं माइकल
लेडी गागा और माइकल पोलान्स्की की बॉन्डिंग सिर्फ निजी जिंदगी तक सीमित नहीं है. माइकल ने गागा के ग्रैमी विनिंग एल्बम ‘Mayhem’ में बतौर राइटर भी काम किया है. दोनों की पर्सनल और प्रोफेशनल पार्टनरशिप अब एक नए पड़ाव पर पहुंच गई है.