हॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस सेल्मा ब्लेयर एक फ्लाइट में हुए कथित हंगामे को लेकर सुर्खियों में हैं. लॉस एंजिल्स से न्यूयॉर्क जा रही डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट में उनके ऊपर क्रू मेंबर्स के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. इस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया. सोमवार को जब एक्ट्रेस कोर्ट में पेश हुईं, तो वह भावुक होकर रो पड़ीं. उन्होंने खुद को बेगुनाह बताया. वहीं, उनके वकील ने उनकी मेडिकल कंडीशन का हवाला देते हुए घटना की वजह समझाने की कोशिश की.
फ्लाइट में आखिर क्या हुआ था?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना रविवार रात की है. सेल्मा ब्लेयर जिस फ्लाइट से लॉस एंजिल्स से न्यूयॉर्क जा रही थीं, उसमें कथित तौर पर विवाद हो गया. फ्लाइट के न्यूयॉर्क स्थित जॉन एफ कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद पुलिस को एक यात्री के मारपीट करने की सूचना मिली. इसके बाद एक्ट्रेस को हिरासत में ले लिया गया.

क्या है मामला?
पोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, इस घटना में दो फ्लाइट अटेंडेंट के घायल होने की जानकारी सामने आई. इनमें से एक को आगे की जांच के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा. हालांकि, चोटें किसे और कैसे लगीं, इसे लेकर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल FBI इस मामले की जांच कर रही है.
कोर्ट में रो पड़ीं सेल्मा ब्लेयर
सोमवार को सेल्मा ब्लेयर को क्वींस क्रिमिनल कोर्ट में पेश किया गया. इस दौरान उन्होंने खुद को बेगुनाह बताया. कोर्ट में सुनवाई के दौरान वह इतनी भावुक हो गईं कि फूट-फूटकर रोने लगीं. उनकी वकील को उनके आंसू पोंछते हुए भी देखा गया.
एक्ट्रेस के वकील ने रखा पक्ष
एक्ट्रेस के वकील शॉन बार्न्स ने कोर्ट में उनकी हेल्थ से जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि ब्लेयर मल्टीपल स्केलेरोसिस (MS) से पीड़ित हैं और उन्हें गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के इलाज के लिए दवाएं लेनी पड़ती हैं.

एक्ट्रेस को हुई मेडिकल दिक्कत?
वकील के मुताबिक, एक्ट्रेस अपनी दवा की कई खुराक लेना भूल गई थीं. इसके अलावा, फ्लाइट के दौरान उनका सिर भी टकराया था. इन परिस्थितियों के कारण उन्हें काफी कन्फ्यूजन और आसपास की स्थिति समझने में परेशानी हुई. हालांकि, ये दलीलें बचाव पक्ष की ओर से दी गई हैं और मामले की जांच जारी है.
जांच के बाद होगा खुलासा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोर्ट में सुनवाई के बाद तय कैश जमानत राशि जमा करने पर ब्लेयर को रिहा कर दिया गया. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है. अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और हॉलीवुड एक्ट्रेस को इस कानूनी विवाद में आगे किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है.