Patrick Stewart Death: हॉलीवुड और ग्लोबल सिनेमा के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. ‘एक्स-मेन’ सीरीज में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर और ‘स्टार ट्रेक’ में कैप्टन पिकार्ड का अमर किरदार निभाने वाले दिग्गज ब्रिटिश अभिनेता सर पैट्रिक स्टीवर्ट (Sir Patrick Stewart) का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके जाने से मार्वल स्टूडियोज से लेकर पूरे हॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है. इयान मैकेलेन और विलियम शैटनर जैसे दिग्गजों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दी है.
मार्वल स्टूडियोज और रुसो ब्रदर्स ने जताया गहरा शोक
मार्वल स्टूडियोज ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- “पैट्रिक स्टीवर्ट ने ‘X-Men’ से लेकर ‘Logan’ तक प्रोफेसर एक्स के किरदार में असाधारण शालीनता, बुद्धिमत्ता और इंसानियत भर दी.” वहीं, रुसो ब्रदर्स (The Russo Brothers) ने लिखा कि वह हमेशा उनके बचपन के नायकों में से एक रहेंगे.

ह्यू जैकमैन और सर इयान मैकेलेन हुए बेहद भावुक
‘वुलवरिन’ स्टार ह्यू जैकमैन ने लिखा- “आज हमने रंगमंच और सिनेमा का एक महान कलाकार खो दिया, वह मेरे बेहद खास दोस्त थे, मैं उन्हें हमेशा याद रखूंगा.” वहीं उनके करीबी दोस्त सर इयान मैकेलेन (मैग्नेटो) ने लिखा कि पैट्रिक एक ऐसे इंसान थे जिन पर भरोसा किया जा सकता था और जिनसे प्यार किया जा सकता था.

स्टार ट्रेक साथी विलियम शैटनर का दर्द
‘स्टार ट्रेक’ में कैप्टन किर्क की भूमिका निभाने वाले विलियम शैटनर ने X पर पोस्ट कर लिखा- “सर पैट्रिक स्टीवर्ट एक दोस्त, सहकर्मी और शानदार अभिनेता थे. एंटरप्राइज के कैप्टन पिकार्ड के रूप में उन्होंने जो छाप छोड़ी है, वह अमर है.”

ब्रायन बैट ने शेयर की पहली फिल्म की यादें
एक्टर ब्रायन बैट ने फिल्म ‘JEFFREY’ के दिनों को याद करते हुए X पर लिखा कि पैट्रिक सबसे दयालु और उदार अभिनेताओं में से एक थे, जिन्होंने उनकी पहली फिल्म के दौरान एक गार्जियन की तरह उनका मार्गदर्शन किया था.
60 सालों से ज्यादा का रहा आइकॉनिक करियर
13 जुलाई 1940 को जन्मे पैट्रिक स्टीवर्ट ने अपने 6 दशकों से लंबे अभिनय करियर में शेक्सपियर के नाटकों से लेकर सिनेमा के पर्दे पर कई ऐतिहासिक किरदार निभाए. ‘अवेंजर्स: डूम्सडे’ उनके करियर की अंतिम और यादगार प्रोजेक्ट्स में से एक रही.