Christian Cousins Death: हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक हैरान करने वाली दुखद खबर सामने आई है. यहां इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर क्रिश्चियन कजिन्स का निधन हो गया. सुपरहिट फिल्म ‘किंडरगार्टन कॉप’ के पॉपुलर चाइल्ड एक्टर क्रिश्चियन कजिन्स ने 43 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली है. उनके निधन की खबर उनके भाई जोनास रोसर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी थी. क्रिश्चियन कजिन्स की मौत की खबर ने पूरी इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया है. कई सेलिब्रिटीज ने क्रिश्चियन के निधन पर दुख व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी.
लिवर की बीमारी ने…
साल 1990 में आई सुपरहिट फिल्म ‘किंडरगार्टन कॉप’ में डोमिनिक पाल्मिएरी का रोल निभाकर फेमस हुए क्रिश्चियन कजिन्स अब हमारे बीच नहीं रहे. क्रिश्चियन कजिन्स के निधन की जानकारी देते हुए उनके भाई जोनास रोसर ने इंस्टाग्राम पर 23 अक्टूबर को एक पोस्ट शेयर करते हुए निधन की जानकारी दी थी. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि क्रिश्चियन कजिन्स की मौत किस वजह से हुई है. लेकिन उन्होंने यह जरूर बताया कि क्रिश्चियन कजिन्स अपनी मौत से पहले लिवर से जुड़ी समस्या से जूझ रहे थे.
दर्द से आजाद…
अपनी पोस्ट में जोनास रोसर ने लिखा, ‘क्रिश्चियन लिवर की बीमारी से बहुत बीमार था. यह सोचकर मुझे सुकून मिलता है कि वह अब अपनी मां के साथ स्वर्ग में है, उस दर्द से आजाद है, जो वह झेल रहा था. आराम से रहो, क्रिश्चियन. मुझे उम्मीद है कि तुम्हारी आत्मा को शांति मिली होगी और तुम्हें शांति मिली होगी. तुम मेरे भाई हो और तुम्हारी कमी खलेगी.’
पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा, ‘यह बताना मुश्किल है कि मेरा भाई क्रिश्चियन कजिन्स अब इस दुनिया में नहीं है. क्रिश्चियन और उनके जुड़वां भाई जोसेफ कजिन्स मेरे बायोलॉजिकल पिता के जरिए मेरे भाई हैं. वे कैलिफोर्निया में पले-बढ़े, जबकि मैं वाशिंगटन में था और मैं उन्हें कॉलेज जाने तक नहीं जान पाया था.’
कौन थे क्रिश्चियन कजिन्स?
क्रिश्चियन और जोसेफ कजिन्स एक जैसे जुड़वां भाई हैं, जिनका जन्म 17 मार्च 1983 को कैलिफोर्निया के ऑरेंज काउंटी में हुआ था. उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत टीवी शो ‘नॉट्स लैंडिंग’ से की थी. इसके बाद उन्हें ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘किंडरगार्टन कॉप’ में कास्ट किया गया. इस फिल्म ने उन्हें दुनिया भर में पहचान दिलाई.