Ramayana Box Office Collection Day 9: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है. आज फिल्म को रिलीज हुए 9 दिन हो गए हैं. रिलीज के बाद से ही इस फिल्म ने सिनेमाघरों की टिकट खिड़की पर पूरी मजबूती के साथ अपनी पकड़ बनाई हुई है. इसी के साथ फिल्म की कमाई भी बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन तरीके से जारी है. इस फिल्म ने महज 8 दिन में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया. ‘रामायण’ ने 9 दिनों में भारत के अंदर 600 करोड़ और वर्ल्डवाइड 1100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. हालांकि, पिछले 3 दिनों से फिल्म की कमाई में मामूली गिरावट देखने को मिल रही है. चलिए जानते हैं कि रणबीर और साई की फिल्म ने अब तक कितने करोड़ की कमाई की है.
‘रामायण’ का जलवा जारी
Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, 9वें दिन भी नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायण’ के शानदार कलेक्शन का जलवा जारी है. इस फिल्म ने 9वें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को 47.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. जिसमें 8वें दिन की कमाई की तुलना में 10.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है. इसी के साथ फिल्म ने भारत में अब तक 612.45 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है. वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 732.20 करोड़ रुपये हो गया है. फिल्म ने दूसरे शुक्रवार को हिंदी में 36.25 करोड़ रुपये, कन्नड़ में 3 करोड़ रुपये, तेलुगु में 2.80 करोड़ रुपये, तमिल में 2.75 करोड़ रुपये और मलयालम में 2.60 करोड़ रुपये की कमाई की है.
9वें दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी
नीतेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘रामायण’ की 9वें दिन की थिएटर ऑक्यूपेंसी ठीक-ठाक रही. 9वें दिन भारत में फिल्म के 22,993 शो चलाए गए, जिसकी कुल थिएटर ऑक्यूपेंसी 32.1 प्रतिशत रही. रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे शुक्रवार के दिन सुबह के शो में 13.54 प्रतिशत, दोपहर के शो में 29.77 प्रतिशत, शाम के शो में 40.38 प्रतिशत और रात के शो में 46.46 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई.
1100 करोड़ के पार पहुंची फिल्म
रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ भारत के साथ-साथ वर्ल्डवाइड लेवल पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है. Sacnilk.com की रिपोर्ट के मुताबिक, इन 9 दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1110.70 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इसी के साथ फिल्म ने 1100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है.