तारक मेहता का उल्टा चश्मा टीवी का सबसे पॉपुलर शो है. यह बीते कई सालों से टीवी पर राज कर रहा है और इस शो का हर कलाकार आज घर-घर पहचाना जाता है. इसके किरदार भी लोगों की जुबान पर चढ़े हुए हैं. इस शो में जेठालाल और दयाबेन का किरदार सबसे ज्यादा लोकप्रिय है. दयाबेन का रोल एक्ट्रेस दिशा वकानी निभाती थीं. हालांकि, साल 2017 में उन्होंने मैटरनिटी लीव लिया था और उसके बाद शो में वापसी नहीं की. लेकिन अब, पूरे 9 साल बाद दयाबेन की वापसी की चर्चा तेज हो गई है.
शो के मेकर्स ने प्रोमो रिलीज कर बढ़ाई एक्साइटमेंट
दरअसल, हाल ही में ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ का नया प्रोमो रिलीज किया गया है, जिसे देखकर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ गई है. इस प्रोमो में दिखाया गया है कि 9 साल बाद दयाबेन की वापसी होने वाली है. यह सुनकर जेठालाल और टप्पू खुशी से झूमते नजर आते हैं.
शो में 9 साल बाद होगी दयाबेन की वापसी
प्रोमो की शुरुआत में टप्पू खुशी से जेठालाल से पूछता है, “क्या मम्मी आ रही हैं?” यह सुनकर जेठालाल के चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगती है. तभी तारक, जेठालाल के घर पहुंचते हैं, तो जेठालाल कहते हैं, “अगर वह आ गई, तो उसके हाथ की मस्त राजवाड़ी चाय पिऊंगा.” इसके बाद तारक कहते हैं, “मुझे ऐसा लग रहा है कि वो (सुंदरलाल) आज भी दया भाभी को लेकर नहीं आएंगे.” यह सुनते ही जेठालाल का चेहरा उतर जाता है. इससे साफ पता चलता है कि अभी भी दयाबेन यानी दिशा वकानी की वापसी पर सस्पेंस बना हुआ है.
पहले भी दिशा वकानी की वापसी की आई थी खबर
बता दें कि यह पहली बार नहीं है, जब शो में दयाबेन की वापसी को लेकर चर्चा शुरू हुई हो. इससे पहले भी कई बार ऐसी खबरें आई हैं कि दिशा वकानी शो में वापसी करने वाली हैं. शो में भी कई बार दिखाया गया है कि दया के भाई सुंदरलाल ने जेठालाल से वादा किया कि दया आ रही है, लेकिन वह कभी नहीं आती. ऐसे में इस बार देखना दिलचस्प होगा कि क्या मेकर्स वाकई दिशा वकानी को शो में वापस लाने वाले हैं या फिर एक बार फिर फैंस का दिल टूट जाएगा.
यह भी पढ़ें- Dhurandhar की सिंगर Jasmine Sandlas ने कर ली सगाई, फैंस से कराई मंगेतर की मुलाकात