Sunita Ahuja on Nepal Floods: पड़ोसी देश नेपाल में इस वक्त तबाही मची हुई है. बीते दिनों आई भीषण बाढ़ की वजह से कई लोगों ने अपना घर गवां दिया, हजारों जाने गईं और अब भी हजारों लोग की खोज जारी है. इस त्रासदी में लगातार राहत-बचाव कार्य जारी है. इसी बीच गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने बाढ़ से प्रभावित नेपाल के लोगों के प्रति अपनी संवेदना जताई है.
बता दें सुनीता का जन्म भारत में हुआ है, लेकिन नेपाल हमेशा से उनके दिल के बेहद करीब रहा है. उनका परिवार नेपाल से जुड़ा हुआ है. सुनीता आहूजा की मां और दादी दोनों काठमांडू से हैं. ऐसे में उन्होंने नेपाल में आई बाढ़ को चिंता जाहिर की है.
नेपाल में मची तबाही पर छलका सुनीता आहूजा का दर्द
गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ पर दुख जताते हुए नेपाल को अपनी मातृभूमि बताया. बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में सुनीता ने कहा, ‘नेपाल में इतनी भयानक बाढ़ देखकर दिल टूट गया है. मेरा जन्म वहां नहीं हुआ, लेकिन मेरी मां और दादी काठमांडू से हैं. मैं हर साल नए साल पर अपनी बेटी के साथ नेपाल जाती हूं. 1 जनवरी को हम पशुपतिनाथ मंदिर जरूर जाते हैं और उनके आशीर्वाद के साथ नए साल की शुरुआत करते हैं.’

बॉलीवुड से की मदद की अपील
आगे उन्होंने कहा, ‘मैं किसी ऐसे व्यक्ति से जुड़ने की कोशिश कर रही हूं, जो यह सुनिश्चित कर सके कि मेरा डोनेशन सही लोगों तक पहुंचे. मैं जितना हो सके उतना दान करना चाहती हूं, क्योंकि नेपाल मेरे बहुत करीब है और यह मेरी मातृभूमि है. मैं इंडस्ट्री के सभी लोगों से अपील करती हूं कि वे आगे आएं और नेपाल के लोगों की मदद के लिए योगदान दें.’
मनीषा कोइराला को बताया बहन
मदद का वादा करते हुए सुनीता ने बॉलीवुड इंडस्ट्री के लोगों से भी आगे आकर नेपाल के लोगों की मदद करने की अपील की. इसके अलावा सुनीता ने एक्ट्रेस मनीषा कोइराला का भी जिक्र किया. मनीषा को उन्होंने अपनी बहन बताते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि मनीषा भी नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही हैं.