Richa Chadha on Hanuman Ansh Success: बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने हाल ही में जूम को दिए एक इंटरव्यू में हनुमान अंश की सफलता पर अपनी बात रखी. बता दें ऋचा हमेशा से ही ऐसे फिल्में के सपोर्ट में रही हैं, जो छोटे बजट और अपनी मजबूत कहानी से दर्शकों को आकर्षित करती आई हैं. फिल्मों में एक्टिंग के अलावा ऋचा एक प्रोड्यूसर के रूप में भी काम कर रही है. अपने प्रोडक्शन हाउस पुशिंग बटन्स स्टूडियोज के जरिए ऋचा नए टैलेंट और अच्छे कंटेंट को दर्शकों तक पहुंचा रही हैं. हाल ही में जूम को दिए एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने हनुमान अंश की सफलता पर अपनी राय रखी. इंटरव्यू के दौरान चड्ढा से पूछा गया कि क्या 2026 छोटे बजट और कंटेंट आधारित फिल्मों के लिए एक महत्वपूर्ण साल साबित हो रहा है. इसपर एक्ट्रेस ने कहा, आइए जानते हैं.
हनुमान अंश की सफलता पर क्या बोलीं ऋचा चड्ढा?
सवाल का जवाब देते हुए ऋचा इस बात से सहमत नहीं थीं कि 2026 कंटेंट के लिए एक यादगार साल रहा है और उन्होंने ‘हनुमान अंश’ की सफलता को और विस्तार से समझाया. उन्होंने कहा, “अगर बात ‘हनुमान अंश’ के संदर्भ में हो रही है, तो वो एक अलग बात है. इस साल और क्या सफल रहा? हॉलीवुड की फिल्म ‘ऑब्सेशन’, इसलिए हम अपनी फिल्मों की तुलना उनसे नहीं कर सकते. पौराणिक कथाओं पर आधारित फिल्में आम तौर पर अच्छा प्रदर्शन करती हैं. चाहे धार्मिक हो या पौराणिक, इन्हें हर कोई देख सकता है. लोग इन्हें देखते ही हैं. ये कहना अभी जल्दबाजी होगी कि कुछ अच्छा हो रहा है.”
सिनेमा को आगे बढ़ाने की बात
इसपर आगे बात करते हुए ऋचा ने कहा, “मुझे लगता है कि बेहतर स्क्रिप्ट और लेखकों के लिए बेहतर पैसे हमें उस दौर में ले जा सकते हैं जहां कंटेंट-ओरिएंटेड सिनेमा सबसे आगे हो.” ऋचा चड्ढा का मानना है कि भारतीय सिनेमा में वास्तविक बदलाव तभी आएगा जब अच्छी कहानियों और लेखकों को पर्याप्त महत्व और पैसा मिलेगा.
हनुमान अंश के बारे में
बात करें ‘हनुमान अंश’ की तो इस फिल्म ने अपनी धुआंधार कमाई से हर किसी का ध्यान खींचा है. महज 2 करोड़ के बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने दुनियाभर में 423 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया है. थिएटर्स में दो महीने पूरे करने के बाद भी फिल्म ने अपनी पकड़ बनाए रखी है. इसकी कहानी और कास्ट को पूरे देशभर में भरपूर प्यार मिल रहा है. हालांकि ऋचा चड्ढा के मुताबिक, केवल इस एक फिल्म की सफलता को पूरे कंटेंट सिनेमा के लिए ट्रेंड मानना अभी सही नहीं होगा.