सिनेमा और मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. अपनी बेहतरीन फिल्मों, शानदार कैमरा वर्क और दमदार डायरेक्शन से सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले एक दिग्गज कलाकार का निधन हो गया है. 98 साल की उम्र में अंतिम सांस लेने वाले इस महान प्रोड्यूसर की मौत की खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. लगभग 6 दशकों तक सिनेमा की दुनिया में अपना राज चलाने वाले इस लेजेंडरी कलाकार के जाने से एक पूरा दौर खत्म हो गया है.
98 की उम्र में निधन
वर्ल्ड सिनेमा और ब्राजीलियन फिल्मों के महान प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और सिनेमैटोग्राफर लुइज कार्लोस बारेटो (Luiz Carlos Barreto) का बुधवार को निधन हो गया है. 98 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वे पिछले कुछ समय से बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे, जिसके बाद उनका निधन हो गया.
छह दशक का लंबा सफर
लुइज कार्लोस बारेटो को उनके प्यार से बुलाए जाने वाले नाम ‘बारेटो’ से भी जाना जाता था. उन्होंने सिनेमा की दुनिया में लगभग 60 सालों तक काम किया. 1960 के दशक में ब्राजीलियन सिनेमा में आई एक बड़ी क्रांति में उनकी बहुत अहम भूमिका मानी जाती है, जिसने वहां के पूरे फिल्म जगत का चेहरा बदल कर रख दिया था.
पत्रकारिता से शुरू किया करियर
फिल्मों में आने से पहले लुइज कार्लोस ने भाषा और साहित्य की पढ़ाई की थी. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता और फोटो पत्रकारिता से की थी. इसके बाद उन्होंने कैमरामैन के रूप में फिल्मों की दुनिया में कदम रखा और ‘विदास सेकस’ और ‘टेरा एम ट्रांस’ जैसी दो ऐतिहासिक और यादगार फिल्मों में अपनी शानदार कैमरे की कला का जादू दिखाया.
खुद की कंपनी से बनाईं फिल्में
मई 1963 में उन्होंने अपनी खुद की फिल्म प्रोडक्शन कंपनी (Production Company) ‘एलसी बारेटो प्रोडक्शंस’ की शुरुआत की थी. इस बैनर के तहत उन्होंने कई क्लासिक और हिट फिल्में बनाईं, जिन्होंने दुनिया भर के कई बड़े फिल्म फेस्टिवल्स में पुरस्कार जीते और दर्शकों के बीच बहुत नाम कमाया.
पूरी इंडस्ट्री ने जताया शोक
लुइज कार्लोस बारेटो के निधन की खबर सामने आते ही सिनेमा जगत की तमाम हस्तियों, निर्देशकों और फैंस ने गहरा दुख जताया है. 60 सालों तक कला की सेवा करने वाले इस महान फिल्ममेकर के निधन को सिनेमाई दुनिया का एक बड़ा और कभी ना भरे जाने वाला नुकसान माना जा रहा है.