बॉलीवुड की एक ऐसी एक्ट्रेस जिसने साल 2002 में रिलीज हुई हॉरर फिल्म ‘राज’ से दर्शकों के पसीने छुड़ा दिए थे, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर खूब धूम मचाई थी. तो वहीं इस हसीना ने लोगों को फिल्म बार-बार देखने पर मजबूर कर दिया था. फिल्म में बिपाशा बसु और डीनो मोरिया की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. फिल्म की कहानी, डरावने सीन और कलाकारों की एक्टिंग ने लोगों के बीच खूब चर्चा बटोरी थीं, लेकिन क्या आपको उस फिल्म की एक ऐसी एक्ट्रेस याद है, जिसने अपने किरदार से दर्शकों के बीच खौफ पैदा कर दिया था? हम बात कर रहे हैं मालिनी शर्मा की.
‘राज’ में मालिनी ने निभाया था खास किरदार
फिल्म में बिपाशा बसु ने संजना और डीनो मोरिया ने आदित्य का किरदार निभाया था. दोनों पति-पत्नी की कहानी में मालिनी शर्मा की एंट्री ने पूरी कहानी को नया मोड़ दे दिया था. फिल्म में उनका किरदार रहस्यमयी और डरावना था. मालिनी की स्क्रीन प्रेजेंस ने उस दौर में दर्शकों का खूब ध्यान खींचा था.

‘राज’ से मिली जबरदस्त पहचान
‘राज’ के बाद मालिनी शर्मा को काफी पॉपुलैरिटी मिली थी. उनकी खूबसूरती और बोल्ड अंदाज की भी खूब चर्चा हुई थी. हालांकि, फिल्मी दुनिया में उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं चला और कुछ समय बाद वह बड़े पर्दे से गायब हो गईं.
मॉडलिंग से शुरू किया था करियर
मालिनी शर्मा ने मनोरंजन की दुनिया में कदम मॉडल के तौर पर रखा था. इसके बाद वह कई म्यूजिक वीडियोज में नजर आईं. उस दौर के पॉपुलर गाने ‘क्या सूरत है’ में भी मालिनी दिखाई दी थीं. इसके अलावा मीका सिंह के चर्चित गाने ‘सावन में लग गई आग’ में भी उन्होंने काम किया था.

टीवी के शो में आईं थीं नजर
म्यूजिक वीडियोज के बाद मालिनी ने टीवी की दुनिया में कदम रखा. वह शुरुआती 2000 के दशक की सीरीज ‘कैट्स’ का भी हिस्सा बनी थीं. इस शो में नफीसा जोसेफ और कुलजीत रंधावा जैसे कलाकार नजर आए थे.
अब क्या कर रही हैं मालिनी?
फिल्मी दुनिया से दूरी बनाने के बाद मालिनी शर्मा ने अपनी जिंदगी को पूरी तरह बदल लिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब वह महाराष्ट्र की सह्याद्री पहाड़ियों के बीच शांत जिंदगी जी रही हैं. वह फार्मस्टे चलाती हैं और खेती बाड़ी से भी जुड़ी हुई हैं.
सुकून भरी जिंदगी जी रहीं मालिनी
मालिनी मेहमानों की मेजबानी करने के साथ ‘द स्लो लोकल’ नाम का अपना बिजनेस भी चलाती हैं. कभी बड़े पर्दे पर अपने रहस्यमयी किरदार से लोगों को डराने वाली मालिनी आज ग्लैमर की दुनिया से दूर प्रकृति के बीच सुकून भरी जिंदगी का आनंद ले रही हैं.