Govinda Slams Wife Sunita Ahuja: पत्नी सुनीता के आपत्तिजनक बयानों पर गोविंदा भड़क उठे हैं. हाल ही में सुनीता ने गोविंदा के को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकर के साथ स्पॉट होने पर कहा था कि गोविंदा बेटी की उम्र की लड़की घुमा रहे हैं, उन्हें शर्म आनी चाहिए. सुनीता ने गोविंदा को एक्ट्रेस का शुगर डैडी तक कहा था. अब इन तमाम बयानों पर गोविंदा ने अपनी सुनीता को चेतावनी देकर कहा है कि उन्हें हद में रहना चाहिए. साथ ही एक्टर ने को-स्टार का बचाव किया और कहा कि सुनीता उन्हें बदनाम करने की कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं.
एक भी कसर नहीं छोड़ रहीं
गोविंदा ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा- ‘जो काम बाहर मिलता है, वो मैं करता नहीं हूं और जो मैं कर रहा हूं, उसमें आप हस्तक्षेप कर रही हैं. और जब अपना काम आप कर रही थीं, फिर चाहे वो कुकिंग शो (लाफ्टर शेफ) हो या लॉकअप हो, टीना (बेटी) से कहकर मुझे उसमें बुलवाया, मेरी सेवाएं लीं. खैर वो तो आपका हक है, लेकिन जिस वक्त मैंने फिल्म शुरू की है, आप एक भी कसर नहीं छोड़ रही हैं कि मैं लोगों के दिल से उतर जाऊं बदनाम हो जाऊं, या कुछ ऐसा हो जाए कि मेरा बिजनेस न हो.’
गोविंदा ने किया को-एक्ट्रेस का बचाव
अपनी को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकर का बचाव करते हुए गोविंदा ने कहा, ‘कोई गरीब परिवार के लोग अगर फिल्म में आए हैं, तो उन्हें इस तरह बदनाम या लज्जित न कीजिए कि वो भाग जाएं. आप में क्षमता है, ताकत है, इज्जत, दौलत, शोहरत, सब दिया है ऊपर वाले ने. इसका मतलब ये नहीं कि जिसके पास ये नहीं है आप उसे जलील करें. ये आप पर शोभा नहीं देता.’
सुनिया आहूजा के ‘शुगर डैडी’ वाले बयान पर क्या बोले गोविंदा?
सुनीता के शुगर डैडी वाले बयान पर गोविंदा ने कहा है, ‘ये जो उम्र का आपने सिलसिला चलाया है, तो आपको बता दूं कि देश के हर बड़े सुपरस्टार ने कम उम्र की नई लड़कियों के साथ काम किया है, उन्हें बड़ी फिल्में मिलीं. युवाओं के साथ काम करने पर वो युवा नजर आए. आप चाह नहीं रहीं कि मैं युवा कैसे लग सकता हूं. आप छोटी सी अपेक्षा के चलते एक बड़े बिजनेस में घात करने पर लगी हैं. आपके पीछे जो गैंग है, उससे हर कोई वाकिफ है. वो जल्द ही सामने आएगा, लेकिन आपके लिए ये शोभा नहीं देगा. मुझे लगता है कि आगे भी आपको कहीं न कहीं जरूरत पड़ेगी. कृपया ऐसे बयान देकर, जो आप ये पॉडकास्ट चला रही हैं, थोड़ा हद में रहिए, ऐसी आपसे प्रार्थना है.’

गोविंदा ये बयान देकर निकल ही रहे थे कि कुछ सेकेंड बाद वो पलटकर आए और उन्होंने कहा, ‘मैं ये भी कहना चाहूंगा कि सुनीता जी आप बहुत मां-बहन की गालियां देने लगी हैं. ईश्वर को मनाइए कि अगर लोग आपसे प्रेरित हो गए तो आप कहां आइना देखेंगी. कहीं आपके साथ ही लोग मां-बहन की गालियां देना शुरू कर देंगे, तो हम सब बहुत लज्जित हो जाएंगे. ये ठीक नहीं है. बहुत सस्ता कर दिया है मां-बहन का नाम. आपसे उम्मीद नहीं है. ’