हॉलीवुड और सिनेमा जगत से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. दुनिया भर की सबसे बड़ी और ब्लॉकबस्टर मॉन्स्टर फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने वाली महज 18 साल की एक बहुत ही शानदार अभिनेत्री का अचानक निधन हो गया है. सड़क हादसे में हुई इस खौफनाक दुर्घटना के बाद अभिनेत्री के पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. बेहद कम उम्र में पूरी दुनिया में खास पहचान बनाने वाली इस यंग स्टार की अचानक विदाई से फैंस और पूरी फिल्म इंडस्ट्री गहरे सदमे में है.
भयानक कार हादसे में निधन
हॉलीवुड की मशहूर युवा अभिनेत्री केली हॉटल (Kaylee Hottle) का महज 18 साल की उम्र में एक दर्दनाक कार एक्सीडेंट (Car Accident) में निधन हो गया है. यह खौफनाक हादसा मैरीलैंड में तब हुआ जब उनके पिता टेक्सास में मौजूद थे. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं, जिसकी पुष्टि बाद में अधिकारियों और उनके परिवार ने की.
पिता का रो-रोकर बुरा हाल
बेटी की अचानक मौत की खबर मिलने के बाद उनके पिता जोशुआ हॉटल (Joshua Hottle) पूरी तरह टूट गए. उन्होंने अमरीकी साइन लैंग्वेज (Sign Language) के जरिए सोशल मीडिया पर लाइव आकर बेहद भावुक तरीके से इस दुखद खबर को दुनिया के साथ साझा किया. पिता ने बताया कि पुलिस अधिकारियों से फोन पर मिली इस खबर ने उनके पूरे परिवार को कभी न भूलने वाला गहरा सदमा दिया है.
इन फिल्मों से पाई पहचान
केली हॉटल को दुनिया भर में असली पहचान ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘गॉडजिला वर्सेस कांग’ (Godzilla vs Kong) और इसके सीक्वल ‘गॉडजिला एक्स कांग: द न्यू एम्पायर’ में जिया (Jia) का यादगार किरदार निभाकर मिली थी. फिल्म में कांग की सबसे करीबी साथी के रूप में उनकी दिल छू लेने वाली परफॉर्मेंस ने दुनिया भर के दर्शकों और फिल्म समीक्षकों का दिल जीत लिया था.
बचपन से ही थीं मूक-बधिर
अटलांटा में जन्मीं केली खुद एक मूक-बधिर (Deaf) परिवार से ताल्लुक रखती थीं और अमरीकी साइन लैंग्वेज उनकी मुख्य भाषा थी. फिल्मों में आने से पहले उन्होंने कई अवेयरनेस कैंपेन (Awareness Campaigns) और विज्ञापनों में काम किया था. हॉलीवुड की इतनी बड़ी मॉन्स्टरवर्स (MonsterVerse) फ्रेंचाइजी में एक मूक-बधिर कलाकार के रूप में मुख्य भूमिका निभाना अपने आप में एक ऐतिहासिक कदम माना गया था.
फिल्म क्रू ने सीखी भाषा
फिल्म ‘गॉडजिला वर्सेस कांग’ की शूटिंग के दौरान कैली के साथ काम करने के लिए सेट पर मौजूद मुख्य कलाकारों और क्रू मेंबर्स ने विशेष तौर पर साइन लैंग्वेज सीखी थी. रेबेका हॉल और मिली बॉबी ब्राउन जैसे बड़े सितारों के साथ काम करते हुए कैली ने अपनी बेहतरीन एक्सप्रेशन्स से सबको प्रभावित किया था. उनके इस अचानक चले जाने से सिनेमा जगत ने एक चमकता हुआ सितारा खो दिया है.