संगीत जगत से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. अपनी जादुई आवाज और बेहतरीन गानों से दशकों तक लोगों के दिलों पर राज करने वाले मशहूर रॉक स्टार और गायक का निधन हो गया है. 69 वर्ष की आयु में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया. वह पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उनके अचानक चले जाने से पूरे म्यूजिक वर्ल्ड और उनके करोड़ों फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है. सोशल मीडिया पर उनके फैंस और संगीतकार भावुक होकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
कैंसर से जंग हार गए गायक
अमेरिका के बोस्टन के मशहूर रॉक बैंड ‘लायर्स’ (Lyres) के मुख्य गायक और गीतकार जेफ कॉनोली (Jeff Conolly) का 69 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. ब्रुकलिन वेगन की रिपोर्ट के अनुसार, वह लंबे समय से मूत्राशय के कैंसर (Bladder Cancer) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और इलाज के दौरान उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.
बोस्टन म्यूजिक के महान सितारे
जेफ कॉनोली को बोस्टन म्यूजिक इंडस्ट्री का एक बड़ा स्तंभ माना जाता था. उन्हें प्यार से ‘मोनोमैन’ (Monoman) के नाम से भी जाना जाता था. मंच पर एक हाथ से ऑर्गन बजाते और गाने गाते हुए उनका ऊर्जावान अंदाज प्रशंसकों को बेहद पसंद आता था, जिसने गैराज रॉक म्यूजिक में उन्हें एक नया मुकाम दिया.
1979 में की थी बैंड की शुरुआत
जेफ कॉनोली ने साल 1979 में अपने प्रसिद्ध रॉक बैंड ‘लायर्स’ की स्थापना की थी. यह बैंड साल 2026 तक संगीत की दुनिया में सक्रिय रहा. उनके जाने से ना केवल अमेरिका में बल्कि यूरोप भर में फैले उनके प्रशंसक बेहद दुखी हैं और उन्हें बोस्टन रॉक एंड रोल का सच्चा राजदूत मान रहे हैं.
1983 का सुपरहिट गाना और पहचान
लायर्स बैंड का 1983 में आया सुपरहिट ट्रैक ‘हेल्प यू एन’ (Help You Ann) संगीत प्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था. बोस्टन मैगजीन ने इस ऑल-टाइम हिट ट्रैक को बोस्टन शहर के इतिहास के 13वें सबसे महान गाने का दर्जा दिया था, जिसने जेफ की पहचान को अमर बना दिया.
11 एल्बम के साथ संगीत का सफर
अपने लंबे और सफल करियर में जेफ कॉनोली के बैंड ने कुल 11 म्यूजिक एल्बम रिलीज किए. उनका पहला सुपरहिट एल्बम ‘ऑन फायरे’ (On Fyre) साल 1984 में आया था, जबकि उनका आखिरी एल्बम साल 2025 में जारी हुआ था. संगीत में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा.