हुमा कुरैशी की फिल्म ‘ बेबी डू डाई डू’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है. जिसमें उनका दमदार लुक, मिस्टीरियस अंदाज और एक्शन ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं. जिसको देखने के बाद सोशल मीडिया पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई है, यूजर्स का मानना है कि इससे पहले उन्होंने हुमा को ऐसे किरदार में कभी नहीं देखा, शुरुआत के ट्रेलर में साधारण सी सिंपल लड़की नजर आती हैं, जो हाथ में छाता लिए होती हैं, लेकिन फिर उनका एक्शन अवतार लोगों के होश उड़ा देता है, जिसे देखकर फैंस का मानना है, कि ये फिल्म एक अलग ही सिनेमाई अनुभव देने को तैयार है.
ट्रेलर देखकर क्यों फैंस हुए हैरान?
फिल्म में वह एक प्रोफेशनल हिट वुमन यानी सुपारी किलर की भूमिका निभा रही हैं. खास बात यह है कि उनका किरदार न तो बोल सकता है और न ही सुन सकता है. इसके बावजूद वह अपने मिशन को बेहद खामोशी और सटीकता के साथ अंजाम देती दिखती हैं. फिल्म का ट्रेलर सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर है. इसमें कई ऐसे सीन्स हैं, जो दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर कर देते हैं कि आखिर हुमा का किरदार लोगों की हत्याएं क्यों कर रहा है.
सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर है ट्रेलर
ट्रेलर कहानी की झलक तो देता है, लेकिन कई सवाल भी छोड़ जाता है, जिनके जवाब फिल्म रिलीज होने के बाद ही मिलेंगे. फिल्म में हुमा के साथ रचित सिंह भी अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं. ट्रेलर में उनका किरदार एक सरदार युवक का है, जो हुमा के किरदार से प्यार करने लगता है. कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब उसे हुमा की असली पहचान और उसके खतरनाक मिशन के बारे में पता चलता है. इसके बाद दोनों की जिंदगी किस मोड़ पर पहुंचती है, यह फिल्म का बड़ा ट्विस्ट हो सकती है.
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म में चंकी पांडे भी अपने चिर परिचित कॉमिक अंदाज को छोड़कर गंभीर भूमिका में लोगों को एंटरटेन करते नजर आएंगे. उनके अलावा सीमा पाहवा और सिकंदर खेर भी फिल्म का हिस्सा होंगे. वहीं नचिकेट सामंत के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म को हुमा कुरैशी के भाई और अभिनेता साकिब सलीम ने प्रोड्यूस किया है. ट्रेलर को मिले शुरुआती रिएक्शन को देखते हुए कहा जा सकता है कि ‘बेबी डू डाई डू’ जुलाई की चर्चित फिल्मों में शामिल हो सकती है.