Awarapan 2 Teaser: इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है. दर्शक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अब 19 साल बाद ‘आवारापन’ का सीक्वल सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है. मेकर्स ने फिल्म का दमदार टीजर जारी कर दिया है, जिसमें इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं. फिल्म में इमरान एक बार फिर शिवम के किरदार में दिखाई देंगे. आइए एक नजर डालते हैं इसके टीजर पर.
‘आवारापन 2′ टीजर
‘आवारापन 2’ के टीजर की शुरुआत दमदार अंदाज में होती है. इसमें इमरान हाशमी बाइक पर सवार नजर आते हैं. इस दौरान वह कहते हैं, “कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होतीं. उनकी कहानी दूसरों के लिए लिखी जाती है.” इसके बाद वह बाइक चलाते हुए एक कब्र के पास पहुंचते हैं, जिस पर ‘आलिया हमीद’ लिखा होता है. बता दें कि ‘आवारापन’ के पहले भाग में श्रिया सरन ने आलिया का किरदार निभाया था, जो शिवम की प्रेमिका थीं.
टीजर में दिखा, एक्शन और दमदार डायलॉग
करीब 1 मिनट 45 सेकंड के इस टीजर में कई शानदार सीन्स देखने को मिलते हैं. इसमें इमरान हाशमी के कई दमदार एक्शन सीक्वेंस भी दिखाए गए हैं. वहीं उनका डायलॉग, “दर्द से पुराना रिश्ता है मेरा… इस बार या तो ये आवारापन खत्म होगा या फिर मैं,” दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है. इसके अलावा शबाना आजमी दमदार लुक में नजर आई हैं, जबकि दिशा पाटनी की छोटी-सी झलक ने भी फैंस का दिल जीत लिया है. टीजर में वह बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं.
फैंस के बीच दिखी एक्साइटमेंट
टीजर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है. लोग लगातार इस पर अपना रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “जैसा सोचा था, उससे भी बेहतरीन टीजर है.” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “‘आवारापन 2’ थिएटर में धमाल मचाएगी.” एक अन्य यूजर ने कहा, “लंबे समय बाद ऐसा शानदार टीजर देखने को मिला, इमरान हाशमी की जोरदार वापसी हो गई.” वहीं दिशा पाटनी की तारीफ करते हुए एक यूजर ने लिखा, “दिशा इस फिल्म के लिए बिल्कुल फिट नजर आ रही हैं.”
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
बता दें कि ‘आवारापन 2’ के टीजर का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था. यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इसकी टक्कर सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से होगी.
यह भी पढ़ें- ‘ईश्वर एक, नाम अनेक..’ Saif Ali Khan पढ़ा रहे हैं बेटे तैमूर और जेह को धर्म का पाठ