The Vvaan Vs The Paradise Box Office Collection: सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी पकड़ बनाए हुए है. वहीं नानी की फिल्म ‘द पैराडाइज’ ने वर्ल्डवाइड 162 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. हालांकि, अब फिल्म की रफ्तार कुछ धीमी होती नजर आ रही है. खासकर हिंदी बेल्ट में ‘द पैराडाइज’ को शुरुआत से ही खास रिस्पांस नहीं मिला है.
बॉक्स ऑफिस पर ‘द वन’और ‘द पैराडाइज’का परफॉर्मेंस
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर ‘द वन’ रिलीज के 8 दिन बाद भी सिनेमाघरों में दर्शकों को खींच रही है. फिल्म की कहानी जंगल और उसके रहस्यों के इर्द-गिर्द घूमती है. वहीं फिल्म में दिखाया गया छठ गीत भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है. यही वजह है कि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर लगातार फायदा मिलता दिखाई दे रहा है.
‘द वन’ का कलेक्शन
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘द वन’ ने आठवें दिन देशभर में करीब 3.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन करीब 57 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 67.74 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं विदेशी बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने आठवें दिन करीब 50 लाख रुपये कमाए. विदेश में फिल्म की कुल कमाई करीब 6 करोड़ रुपये पहुंच गई है. इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 73.74 करोड़ रुपये के करीब हो गया है.
‘दृश्यम 3’ बनी बड़ी चुनौती
हालांकि, अब फिल्म के सामने ‘दृश्यम 3’ की चुनौती भी है. अजय देवगन और तब्बू स्टारर इस फिल्म के सिनेमाघरों में आने के बाद ‘द वन’ को बॉक्स ऑफिस पर नई चुनौती मिली है. इसके बावजूद सिद्धार्थ-तमन्ना की फिल्म ने आठवें दिन भी अपनी पकड़ बनाए रखी.
‘द पैराडाइज’ की रफ्तार पड़ी धीमी
दूसरी तरफ नानी की फिल्म ‘द पैराडाइज’ ने रिलीज के बाद शानदार कमाई की है. फिल्म को आठ भाषाओं में रिलीज किया गया था और तेलुगु दर्शकों से इसे सबसे ज्यादा प्यार मिल रहा है. हालांकि, हिंदी में फिल्म की शुरुआत कमजोर रही और अब भी यहां कमाई काफी सीमित है.
क्या कहती है रिपोर्ट
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने नौवें दिन देशभर में करीब 2.80 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसमें तेलुगु से करीब 2.70 करोड़ रुपये और हिंदी से सिर्फ 10 लाख रुपये की कमाई हुई. फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन करीब 111 करोड़ रुपये हो गया है.
हिंदी मार्केट में ‘द वन’ और ‘द पैराडाइज’
विदेशी बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने नौवें दिन करीब 10 लाख रुपये कमाए. विदेश में इसका कुल कलेक्शन करीब 30.95 करोड़ रुपये है. वहीं फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 162 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
यानी एक तरफ ‘द वन’ हिंदी मार्केट में धीरे-धीरे अपनी जगह बना रही है, तो दूसरी तरफ ‘द पैराडाइज’ की कमाई का बड़ा हिस्सा तेलुगु दर्शकों से आ रहा है.