सिनेमाघरों में इन दिनों कई फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है. रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ जहां रिलीज के 22 दिन बाद भी शानदार कमाई कर रही है, वहीं धनुष की फिल्म ‘ओम: चैप्टर 1’ ने भी दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. हालांकि, भारत में ‘रामायण’ की कमाई की रफ्तार अब पहले के मुकाबले धीमी पड़ने लगी है. शुक्रवार को ‘ये प्रेम मोल लिया’ और ‘गनमास्टर जी9’ जैसी नई फिल्में भी सिनेमाघरों में रिलीज हुईं हैं, ऐसे में देखना होगा कि इन फिल्मों का असर पहले से लगी फिल्मों के कारोबार पर कितना पड़ता है.
‘रामायण’ की कमाई में आई गिरावट
रणबीर कपूर और यश स्टारर ‘रामायण’ को रिलीज हुए 22 दिन हो चुके हैं. फिल्म ने दुनियाभर में अब तक 1777 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने चौथे गुरुवार को भारत में 9.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि विदेशों से 10 करोड़ रुपये की कमाई हुई.

क्या कहते हैं रिपोर्ट के आंकड़े?
हालांकि, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार थोड़ी कम हो गई है. रिलीज के समय इसके 25 हजार से ज्यादा शो चल रहे थे, लेकिन अब इनकी संख्या घटकर करीब 15,700 रह गई है. भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 992.10 करोड़ रुपये हो चुका है. अब फिल्म 1000 करोड़ रुपये के घरेलू नेट आंकड़े से महज कुछ कदम दूर है.
‘ओम’ ने सात दिन में पार किया 100 करोड़
धनुष की फिल्म ‘ओम: चैप्टर 1’ ने 20 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी. फिल्म ने शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन वीकडेज में इसकी कमाई में गिरावट देखने को मिली. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने सातवें दिन भारत में 3.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 69.30 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 80.35 करोड़ रुपये हो गया है.

बॉ़क्स ऑफिस पर दिखने वाला है कड़ा मुकाबला
वहीं, विदेशों में फिल्म ने 30.75 करोड़ रुपये कमाए हैं. इस तरह ‘ओम: चैप्टर 1’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 111.10 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. अब शुक्रवार को रिलीज होईं नई फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला और दिलचस्प देखने को मिलने वाला है. देखना दिलचस्प होगा कि किस फिल्म की रिलीज किस फिल्म पर भारी पड़ती है.