Drishyam 3 Box Office Collection Day 10: बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ पिछले 10 दिनों से सिनेमाघरों की टिकट खिड़की पर कब्जा जमाए हुए है. इसके अलावा बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म का जलवा बरकरार बना हुआ है. फिल्म ने 10वें दिन भी कमाल की कमाई की है. इसके अलावा, दर्शकों के बीच इस फिल्म की पॉपुलैरिटी और ज्यादा बढ़ गई है. फिल्म को ऑडियंस से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि अब ये फिल्म दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली है. चलिए जानते हैं कि ‘दृश्यम 3’ ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर कितने करोड़ रुपये का कारोबार किया है.
‘दृश्यम 3’ ने रविवार को मचाया धमाल
Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, अजय देवगन, तब्बू और जयदीप अलहावत की फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने 10वें दिन 23 करोड़ रुपये की कमाई की, जो 9वें दिन के फिल्म कलेक्शन की तुलना में 13.2 प्रतिशत कम रही. इसी के साथ इस सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ने अब तक भारत में 309.50 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. इसी के साथ फिल्म का नेट कलेक्शन 300 करोड़ रुपये के पार चला गया है. वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 371 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. इस फिल्म ने दूसरे वीकेंड पर भी बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा प्रदर्शन किया है.
दूसरे रविवार को कितनी रही ऑक्यूपेंसी?
फिल्म ‘दृश्यम 3’ की कमाई के साथ-साथ 10वें दिन इसकी ऑक्यूपेंसी में भी मामूली गिरावट देखने को मिली. दूसरे रविवार को पूरे भारत में फिल्म के कुल 14,872 शो चलाए गए, जिसकी औसत ऑक्यूपेंसी 26.0 प्रतिशत रही. रिपोर्ट के अनुसार, 10वें दिन सुबह के शो में 16.92 प्रतिशत, दोपहर के शो में 37.92 प्रतिशत, शाम के शो में 44.08 प्रतिशत और रात के शो में 24.92 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। वहीं, 10वें दिन सिनेमाघरों में ऑडियंस का कुल फुटफॉल 9,52,858 रहा.
500 करोड़ रुपये के करीब पहुंची फिल्म
अभिषेक पाठक के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने वर्ल्डवाइड बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया है. Sacnilk.com के मुताबिक, अजय देवगन की इस क्राइम थ्रिलर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब तक 480 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. इसी के साथ फिल्म 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने के बेहद करीब पहुंच गई है.