बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों कई फिल्मों के बीच कमाई को लेकर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है. सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है. वहीं, आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ भी अपनी रफ्तार बनाए हुए है. दूसरी तरफ, अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’, राजकुमार राव की ‘प्रहार’ और यामी गौतम की ‘नई नवेली’ की कमाई में सुस्ती देखने को मिल रही है. आइए जानते हैं बुधवार को इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कितने करोड़ का कारोबार किया.

‘जेलर 2’ की कमाई ने चौंकाया
रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपना दबदबा बनाए हुए है. रिलीज के 14वें दिन भी फिल्म की कमाई 5 करोड़ रुपये से ऊपर रही. फिल्म ने बुधवार को 5.29 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इसके साथ ही इसका घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 420.94 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. वहीं, वर्ल्डवाइड फिल्म 744 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है.

‘उड़ता तीर’ ने छठे दिन भी की ठीक-ठाक कमाई
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी जगह बनाए हुए है. फिल्म ने रिलीज के छठे दिन 1.94 करोड़ रुपये की कमाई की. इसके साथ ही इसका कुल घरेलू कलेक्शन 27.94 करोड़ रुपये हो गया है. फिल्म की कमाई भले ही ‘जेलर 2’ जितनी तेज नहीं है, लेकिन यह लगातार दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब हो रही है.

‘दृश्यम 3’ की कमाई लाखों में पहुंची
अजय देवगन की सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ को रिलीज हुए 27 दिन हो चुके हैं. अब फिल्म की रोजाना कमाई लाखों में सिमट गई है. बुधवार को फिल्म ने 65 लाख रुपये कमाए. इसके साथ ही इसका कुल कलेक्शन 371.85 करोड़ रुपये हो गया है. अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि क्या फिल्म 400 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंच पाएगी.

‘प्रहार’ और ‘नई नवेली’ का हाल बेहाल
राजकुमार राव, वामिका गब्बी और जयदीप अहलावत की ‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही है. रिलीज के 13वें दिन फिल्म ने महज 25 लाख रुपये कमाए. इसका कुल कलेक्शन अब 21.25 करोड़ रुपये हो गया है.

नई नवेली कैसी कर रही कमाई?
वहीं, यामी गौतम की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘नई नवेली’ की कमाई भी धीमी पड़ गई है. फिल्म ने बुधवार को सिर्फ 20 लाख रुपये का कारोबार किया. 13 दिनों में इसका कुल कलेक्शन 25.50 करोड़ रुपये पहुंचा है.
बॉक्स ऑफिस पर किसने मारी बाजी?
कुल मिलाकर, जहां ‘जेलर 2’ बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है, वहीं ‘उड़ता तीर’ की कमाई भी उम्मीद जगाती है. दूसरी ओर, ‘प्रहार’ और ‘नई नवेली’ के लिए दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाना मुश्किल होता जा रहा है.