उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर इस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनकी मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है. मां के निधन की खबर से हर कोई दुखी है. वहीं, फिल्म और मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने भी इस पर शोक जताया है. बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत से लेकर भोजपुरी स्टार रवि किशन, रामानंद सागर ‘रामायण’ फेम अरुण गोविल और गीतकार मनोज मुंतशिर तक ने भावुक संदेश साझा कर मुख्यमंत्री के प्रति अपनी संवेदनाएं जाहिर की हैं.
कंगना रनौत ने शेयर की मां-बेटे की तस्वीर
एक्ट्रेस कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर योगी आदित्यनाथ और उनकी मां की एक पुरानी तस्वीर शेयर की. इस तस्वीर में मुख्यमंत्री अपनी मां के साथ नजर आ रहे हैं. इसके साथ कंगना ने लिखा, ‘सबसे ज्यादा दुखद खबर, मेरे भाई योगी जी की माता जी का 91 साल की उम्र में उत्तराखंड में देहांत हो गया. ओम शांति.’ कंगना के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं जाहिर कर रहे हैं.

रवि किशन ने बताया कैसे मिली थी खबर?
भोजपुरी और बॉलीवुड अभिनेता रवि किशन ने एक वीडियो शेयर कर अपना दुख जाहिर किया. उन्होंने उस पल को भी याद किया, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी मां के निधन की खबर मिली थी. रवि किशन ने बताया कि गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान करीब 50 हजार स्कूली और कॉलेज के छात्रों को टैबलेट बांटे जा रहे थे. उस समय योगी आदित्यनाथ मंच पर मौजूद थे. तभी उन्हें यह दुखद खबर मिली.
रवि किशन ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
अभिनेता ने कहा कि योगी आदित्यनाथ जैसे निस्वार्थ संत को जन्म देने वाली मां निश्चित रूप से असाधारण महिला रही होंगी. उन्होंने कहा कि इस खबर से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है. साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की.
मनोज मुंतशिर ने लिखा भावुक नोट
गीतकार मनोज मुंतशिर ने भी सावित्री देवी की एक पुरानी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर की. जिसमें उन्होंने कैप्शन लिखा कि जिस बेटे को पूरा देश सम्मान की नजर से देखता है, आज उसने प्रेम और ममता की अपनी छाया खो दी है. यह दुख असहनीय है और इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है. उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की कि योगी आदित्यनाथ को इस कठिन समय में धैर्य दें और उनकी माता को अपने चरणों में स्थान दें.

अरुण गोविल ने भी जताया दुख
‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता अरुण गोविल ने भी दो तस्वीरें शेयर कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. इनमें सावित्री देवी और योगी आदित्यनाथ की अपनी मां के साथ पुरानी तस्वीर शामिल थी. बहरहाल, फिल्मी सितारों के इन संदेशों से साफ है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दुख में मनोरंजन जगत की कई हस्तियां भी उनके साथ खड़ी हैं.