Love And War Vicky Kaushal First Look Poster Out: संजय लीला भंसाली की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ती जा रही है. रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के फर्स्ट लुक के बाद अब फिल्म से विक्की कौशल का जबरदस्त लुक सामने आ गया है. पोस्टर में विक्की का अंदाज काफी रफ और इंटेंस नजर आ रहा है. सिगरेट के धुएं के बीच उनका लुक देखकर फैंस के मन में उनके किरदार को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है.
सिगरेट पीते दिखे विक्की कौशल
विक्की कौशल के फर्स्ट लुक पोस्टर में वह कैमरे की तरफ बेहद गंभीर नजरों से देखते दिखाई दे रहे हैं. उनके होंठों के बीच सिगरेट है और हाथ में लाइटर नजर आ रहा है. पोस्टर में सिगरेट का धुआं उनके चेहरे के आसपास छाया हुआ है, जो उनके किरदार के रहस्यमयी और गंभीर अंदाज को और दमदार बना रहा है.
कैसे दिख रहे विक्की कौशल?
विक्की ने घनी मूंछें रखी हैं और उनके माथे पर चोट का निशान भी साफ दिखाई दे रहा है. इसके अलावा उनके हाथ में नजर आ रही सोने की अंगूठी और गहरे रंग की शर्ट उनके रफ-एंड-टफ लुक को और खास बना रही है. पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर विक्की के इस लुक की चर्चा शुरू हो गई है.
मेकर्स ने क्या लिखा कैप्शन?
मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, नजरें मिलेंगी, लेकिन हटेंगी नहीं!’ इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी बताई गई है. ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
रणबीर और आलिया के लुक ने भी मचाई थी हलचल
विक्की से पहले रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के फर्स्ट लुक जारी किए गए थे. रणबीर पोस्टर में विंटेज कार चलाते दिखाई दिए थे. उनका छोटा हेयरकट और सिंपल लुक ध्यान खींच रहा था, लेकिन उनके हाथ पर लगा खून और चोट कहानी में किसी बड़े संघर्ष की ओर इशारा करता नजर आया.
आलिया के लुक ने बढ़ाई एक्साइटमेंट
वहीं आलिया भट्ट का लुक बिल्कुल अलग था. वह मैजेंटा रेड आउटफिट और खास हेडपीस में दिखाई दी थीं. उनका अंदाज किसी परफॉर्मर जैसा नजर आया, जिससे उनके किरदार को लेकर भी फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई.
फिर साथ दिखेगी ये तिकड़ी
‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल पहली बार संजय लीला भंसाली की फिल्म में साथ नजर आएंगे. रणबीर करीब दो दशक बाद भंसाली के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दोनों ने 2007 की फिल्म ‘सांवरिया’ में साथ काम किया था.
वहीं भंसाली और आलिया की जोड़ी ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के बाद फिर लौट रही है. रणबीर और विक्की इससे पहले ‘संजू’ में साथ काम कर चुके हैं, जबकि आलिया और विक्की ‘राजी’ में नजर आए थे.