बॉलीवुड का एक ऐसी एक्टर जिसने बेहद कम उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था, उनका जाना उनके परिवार और फैंस के लिए किसी से कम नहीं था. वो एक्टर सुशांत सिंह राजपूत थे, जिन्हें दुनिया छोड़े 6 साल हो गए हैं, लेकिन उनकी यादें आज भी परिवार और फैंस के दिलों में जिंदा हैं. सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति अक्सर सोशल मीडिया पर भाई की तस्वीरें और उनसे जुड़ी यादें शेयर करती रहती हैं. अब एक पॉडकास्ट में श्वेता ने सुशांत को लेकर ऐसा अनुभव शेयर किया है, जिसे बताते हुए वह भावुक हो गईं.
सपने और मेडिटेशन में महसूस किया भाई को
Supertalks By Themovingship से बातचीत के दौरान श्वेता ने बताया कि सुशांत के निधन के बाद उन्होंने कई बार उन्हें सपनों और मेडिटेशन में महसूस किया. श्वेता के मुताबिक, उन्हें ऐसा लगा जैसे उनका भाई उनसे मिलने आया हो और दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई.

श्वेता का चौंकाने वाला खुलासा
श्वेता ने बताया कि जब वह पटना गई थीं, तब सुशांत की अस्थियां भी उनके पास रखी थीं. जिस कमरे में वह सो रही थीं, उसी रात उन्हें भाई की मौजूदगी का एहसास हुआ. उनके मुताबिक, सुशांत ने उनसे घंटों बात की और उन्हें गले भी लगाया. श्वेता ने कहा कि उस दौरान उनके मन में कई सवाल थे और उन्हें अपने भाई से उन सवालों के जवाब भी मिले.

सुशांत की मौत के बाद बहन से मुलाकात!
उन्होंने बताया कि उस एक्सपीरियंस के आखिरी में सुशांत ने उन्हें गले लगाया और गाल पर किस किया. श्वेता ने दावा किया कि उन्हें उस वक्त सुशांत की खुशबू और सांस तक महसूस हुई. उनके लिए यह पल बेहद भावुक था और इससे उन्हें भाई को लेकर एक तरह का क्लोजर मिला.

मौत की खबर सुनकर टूट गई थीं श्वेता
श्वेता ने सुशांत की मौत की खबर मिलने का दर्द भी शेयर किया. उन्होंने बताया कि उस समय वह कैलिफोर्निया में थीं. रात के वक्त जब उन्हें पता चला कि उनका भाई अब इस दुनिया में नहीं रहा, तो उनका शरीर सुन्न पड़ गया था.

ऐसी हो गई थी श्वेता की हालत
उन्होंने कहा कि शुरुआत में वह बिल्कुल शांत थीं, लेकिन बाद में फूट-फूटकर रोने लगीं. कोविड महामारी की वजह से वह भारत नहीं आ पाई थीं और भाई को आखिरी बार अलविदा भी नहीं कह सकीं. यह बात आज भी उन्हें अंदर तक परेशान करती है.

धोनी ने नहीं किया परिवार से संपर्क?
बातचीत के दौरान श्वेता ने महेंद्र सिंह धोनी का भी जिक्र किया. सुशांत ने धोनी की बायोपिक फिल्म ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ में मुख्य भूमिका निभाई थी. यह फिल्म उनके करियर की बड़ी फिल्मों में शामिल रही.
किन सेलेब्स ने सुशांत की फैमिली से किया था संपर्क?
श्वेता के मुताबिक, सुशांत के निधन के बाद धोनी ने परिवार से संपर्क नहीं किया. हालांकि, उन्होंने बताया कि कंगना रनौत समेत कुछ अन्य सेलेब्स ने उस मुश्किल समय में परिवार से संपर्क जरूर किया था. सुशांत की यादें आज भी उनकी बहन के लिए बेहद खास हैं और वह चाहती हैं कि उनका भाई हमेशा लोगों की यादों में जिंदा रहे.