रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ के आखिरी सीन ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है. फिल्म के मिड क्रेडिट सीन में सनी देओल की हनुमान के रूप में छोटी सी झलक दिखाई गई है. छलांग लगाते हुए हनुमान का ‘जय श्रीराम’ कहना फैंस के दिलों में बस गया. अब हर किसी को ‘रामायण पार्ट 2’ में सनी देओल के पूरे अवतार का इंतजार है.
हनुमान के किरदार को लेकर मेकर्स ने खोले राज
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी ने हाल ही में गोल्ड डर्बी को दिए इंटरव्यू में हनुमान जी के किरदार को लेकर दिलचस्प बातें शेयर कीं हैं. नमित मल्होत्रा ने कहा कि हनुमान जी रामायण के सबसे लोकप्रिय और चहेते किरदारों में से एक हैं. उन्होंने हनुमान जी की तुलना भारत के आयरन मैन से भी की.

क्यों पहले पार्ट में नहीं दिखी हनुमान जी की पूरी एंट्री?
मेकर्स ने पहले पार्ट में हनुमान जी की पूरी एंट्री नहीं दिखाई. इसके पीछे खास वजह थी. नमित के मुताबिक, हनुमान जी की मौजूदगी दूसरे पार्ट की कहानी को एक अलग स्तर पर ले जाएगी. इसलिए उनकी झलक को छोटा रखा गया, ताकि दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी रहे.
मेकर्स का किरदार पर खुलासा
हनुमान जी के किरदार में पहले दारा सिंह ने अपनी खास पहचान बनाई थी. ऐसे में सनी देओल को इस भूमिका में चुनना मेकर्स का बड़ा फैसला माना जा रहा है. डायरेक्टर नितेश तिवारी ने बताया कि हनुमान जी के किरदार में मासूमियत, प्यार और जबरदस्त ताकत का मेल होना जरूरी है.

सनी देओल ही क्यों बने हनुमान जी?
नितेश के मुताबिक, सनी देओल की छवि भी कुछ ऐसी ही है. वह मासूम और सरल नजर आते हैं, लेकिन गुस्से में उनका अंदाज बेहद दमदार हो जाता है. यही वजह है कि मेकर्स को लगा कि सनी इस किरदार के साथ पूरी तरह न्याय कर सकते हैं.
क्यों हनुमान जी के भव्य सीन्स से चौंक जाएंगे दर्शक?
फिल्म के सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने भी दूसरे पार्ट को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने वैरायटी इंडिया से बातचीत में कहा कि सनी देओल के हनुमान जी के किरदार से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं और टीम इसे अच्छी तरह समझती है. पंकज के मुताबिक, हनुमान से जुड़े कई भव्य सीक्वेंस शूट किए जा चुके हैं. बड़े पर्दे पर इन सीन्स को देखना दर्शकों के लिए शानदार अनुभव होगा. ऐसे में जब फिल्म का पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रहा है, तो सोचिए दूसरे पार्ट में जब सनी देओल हनुमान जी के किरदार में नजर आएंगे तो सिनेमाघरों की तस्वीर कैसी होगी.