Shah Rukh Khan Tu Mil Jaaye Song: सुपरस्टार शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ (King) के रोमांटिक गाने ‘तू मिल जाए’ (Tu Mil Jaaye) ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. साउथ अफ्रीका के खूबसूरत शहर केप टाउन की असली लोकेशन पर फिल्माए गए इस गाने को लेकर फैंस के बीच यह चर्चा गर्म थी कि इसमें वीएफएक्स का इस्तेमाल हुआ है, लेकिन मेकर्स ने साफ कर दिया है कि हेलिकॉप्टर शॉट्स से लेकर रंग-बिरंगी गलियों तक के सभी विजुअल्स सौ फीसदी असली हैं.
केप टाउन की असली लोकेशन्स पर शूट हुआ पूरा गाना
गाने में दिखाए गए सभी बैकड्रॉप्स पूरी तरह से असली हैं. इसमें हेलिकॉप्टर से लिया गया टेबल माउंटेन का नजारा, चैपमैन पीक की घुमावदार सड़कें, मेडन्स कोव और बोल्डर्स बीच के असली पेंगुइन शामिल हैं. इसके अलावा बो-काप की रंग-बिरंगी गलियां, लायंस हेड, केप पॉइंट, म्यूजनबर्ग के बीच हट्स, हाउट बे, टू ओशन्स एक्वेरियम और ट्वेल्व अपोस्टल्स की पहाड़ियों पर बिना किसी वीएफएक्स के नैचुरल शूटिंग की गई है.
फैंस को लगा था वीएफएक्स, मेकर्स ने किया सच का खुलासा
जब गाने के शुरुआती विजुअल्स और हवाई शॉट्स सामने आए, तो सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे ग्रीन स्क्रीन और कंप्यूटर जनरेटेड ग्राफिक्स का कमाल बताया था. हालांकि, असलियत सामने आने के बाद दर्शक हैरान हैं कि कैमरा वर्क और असली लोकेशन का चुनाव इतना शानदार है कि हर फ्रेम किसी पेंटिंग जैसा खूबसूरत नजर आता है.
कब रिलीज हुआ ‘तू मिल जाए’ गाना?
ऑडियंस के बीच जबरदस्त क्रेज पैदा करने वाला यह रोमांटिक ट्रैक शाहरुख खान के जन्मदिन यानी 02 नवंबर 2026 को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज किया गया है. रिलीज होने के साथ ही इसके विजुअल्स और संगीत ने इंटरनेट पर ट्रेंड करना शुरू कर दिया. फैंस ने गाने की जमकर तारीफ की.
कब सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म ‘किंग’?
मेगा-बजट एक्शन और इमोशन से भरपूर इस फिल्म को लेकर फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं. शाहरुख खान की यह मच-अवेटेड फिल्म 24 दिसंबर 2026 यानी क्रिसमस से ठीक एक दिन पहले दुनिया भर के सिनेमाघरों में ग्रैंड रिलीज के लिए तैयार है.
फिल्म की दमदार स्टार कास्ट और मेकर्स की डिटेल्स
फिल्म ‘किंग’ की स्टार कास्ट बेहद खास है, क्योंकि इसमें पहली बार बड़े पर्दे पर शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे. इनके अलावा दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, जयदीप अहलावत भी फिल्म का हिस्सा हैं . इस फिल्म का निर्देशन सुजॉय घोष कर रहे हैं, जबकि इसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया जा रहा है.