बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस मौसमी चटर्जी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. एक्ट्रेस के पति और फिल्ममेकर जयंत मुखर्जी का 12 नवंबर 2026 को निधन हो गया. उन्होंने परिवार के बीच आखिरी सांस ली. जयंत के जाने से मौसमी चटर्जी की जिंदगी में एक बड़ा खालीपन आ गया है. दोनों ने करीब 54 साल तक एक-दूसरे का साथ निभाया था. उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है.
नहीं रहे मौसमी चटर्जी के पति जयंत मुखर्जी
जयंत मुखर्जी के निधन की पुष्टि फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने की है. उन्होंने इंडिया टुडे को बताया कि जयंत ने अपने परिवार के बीच अंतिम सांस ली. बताया जा रहा है कि उम्र से जुड़ी परेशानियों के चलते वह काफी समय से अस्वस्थ थे. जयंत मुखर्जी ने फिल्मी दुनिया बतौर प्रोड्यूसर अच्छी पहचान बनाई थी.
कैसा रहा मौसमी-जयंत का रिश्ता
मौसमी चटर्जी और जयंत मुखर्जी ने साल 1972 में शादी की थी. उस वक्त मौसमी महज 15 साल की थीं और दसवीं क्लास में पढ़ती थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौसमी ने अपनी मौसी की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए इतनी कम उम्र में शादी की थी. शादी के बाद भी उन्होंने फिल्मों में काम करना जारी रखा और 70-80 के दशक में अपनी अलग पहचान बनाई.
पहले बेटी को खोया, अब पति का साथ छूटा
मौसमी और जयंत की दो बेटियां पायल और मेघा हैं. हालांकि, परिवार पहले भी एक बड़ा दुख झेल चुका है. उनकी बड़ी बेटी पायल मुखर्जी का 13 दिसंबर 2019 को 45 साल की उम्र में निधन हो गया था. वह लंबे समय तक कोमा में रही थीं. वहीं, छोटी बेटी मेघा मुखर्जी भी एक्टिंग की दुनिया से जुड़ी हैं और ‘रेडियो’, ‘रुस्लान’ और ‘ऐसा क्यों होता है’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं.
मौसमी की जिंदगी में आया अकेलापन
जयंत मुखर्जी मशहूर संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे. फिल्म निर्माण के साथ-साथ संगीत से भी उनका गहरा जुड़ाव था. उनके निधन के बाद मौसमी चटर्जी और उनका परिवार एक बार फिर मुश्किल दौर से गुजर रहा है. 54 साल तक साथ निभाने वाले इस जोड़े की कहानी अब एक भावुक मोड़ पर आकर थम गई है.