Ramayana: नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘रामायण’ का पहला पार्ट सिनेमाघरों में दस्तक दे चुका है, इसी के साथ फैंस की एक्साइटमेंट भी हॉल में साफ नजर आ रही है. थिएटर जय श्रीराम रे जयकारों से गूंज रहे हैं, मेकर्स की फिल्म में पीक डिटेलिंग और दमदार स्टारकास्ट को लेकर दर्शक जमकर तारीफें कर रहे हैं, तो वहीं फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर भी निर्माताओं ने दर्शकों को बड़ा सरप्राइज दिया है, जिसे देखकर फैंस का इंतजार थोड़ा बढ़ गया है, तो चलिए जानते हैं कि आखिर माजरा क्या है?

कब रिलीज होगा रामायण पार्ट 2?
‘रामायण: पार्ट 1’ के क्लाइमैक्स में दर्शकों को एक बड़ा सरप्राइज मिला है. फिल्म के मेकर्स ने इसके दूसरे पार्ट की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है. पहले ऐसी खबरें थीं कि फिल्म का दूसरा पार्ट साल 2027 में रिलीज होगा, लेकिन अब इसकी रिलीज दिवाली 2028 तय की गई है. यानी दर्शकों को रणबीर कपूर और यश की इस कहानी को आगे देखने के लिए करीब दो साल का इंतजार करना होगा.

सनी देओल की झलक ने बढ़ाया रोमांच
फिल्म के आखिर में सनी देओल की भी झलक दिखाई गई है, जो भगवान हनुमान के किरदार में नजर आने वाले हैं. हालांकि, मेकर्स ने अभी उनका चेहरा नहीं दिखाया है. स्क्रीन पर सिर्फ उनका बैक लुक दिखाई देता है. इस दौरान उनके मुंह से निकला ‘जय श्री राम’ दर्शकों के लिए खास पल बन गया. माना जा रहा है कि दूसरे पार्ट में सनी देओल का किरदार ज्यादा विस्तार से देखने को मिलेगा.

रावण बनकर छाए यश, VFX की हो रही तारीफ
फिल्म देखने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शक अपने रिएक्शन शेयर कर रहे हैं. खासतौर पर रावण के किरदार में यश की खूब तारीफ हो रही है. दर्शकों का कहना है कि जब भी यश स्क्रीन पर आते हैं, उनका अंदाज और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस छा जाती है. वहीं, रणबीर कपूर के भगवान राम वाले किरदार और साई पल्लवी की एक्टिंग को भी पसंद किया जा रहा है.

विदेशी मीडिया ने भी की तारीफ
‘रामायण’ को विदेशी मीडिया से भी अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की खबरें सामने आईं हैं. ब्रिटिश अखबार ‘द गार्जियन’ ने फिल्म को 5 में से 4 स्टार दिए हैं. फिल्म के भव्य स्तर और विजुअल्स की तुलना ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ और ‘द लायन किंग’ जैसी फिल्मों से की गई है.

करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उम्मीदें हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि रणबीर कपूर की ‘रामायण’ पहले दिन कमाई के कितने रिकॉर्ड तोड़ती है.