Dipika Chikhlia Big Statement on Ramayana: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. इसके साथ ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी शानदार मौजूदगी भी दर्ज करवाई है. फिल्म में सभी को ‘श्रीराम’ के रूप में रणबीर कपूर, रावण के रूप में यश और माता सीता के रोल में साई पल्लवी का काम बहुत ही पसंद आ रहा है. अब इसी बीच टीवी की ओजी ‘सीता’ यानी एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया ने ‘रामायण’ को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. जहां उन्होंने माता सीता को भारत की पहली ‘सिंगल मदर’ बताया है. इसके अलावा, उन्होंने सीता और राम के बीच रिश्ते पर भी बात की.
‘रामायण’ पर दीपिका का बड़ा बयान
हाल ही में SheThePeople को दिए एक इंटरव्यू में दीपिका चिखलिया ने माता सीता को भारत की पहली सिंगल मदर बताते हुए कहा कि वो 2026 में भी महिलाओं के लिए एक अच्छी रोल मॉडल हैं. इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके हिसाब से माता सीता को अपने पति प्रभु राम के साथ और ज्यादा खुलकर बात करनी चाहिए थी. उन्होंने कहा कि अगर लगातार बात होती तो उनका रिश्ता इस तरह खत्म नहीं होता.
माता सीता पहली सिंगल मदर…
इंटरव्यू में माता सीता को एक अच्छी रोल मॉडल बताते हुए दीपिका ने कहा, ‘मैंने हमेशा कहा है कि सिर्फ इसलिए कि वह कभी ज्यादा नहीं बोलती थीं, लोगों को लगता था कि वह एक मजबूत महिला नहीं हैं. सिर्फ इसलिए कि आप ज्यादा बात नहीं करतीं, इसका मतलब यह नहीं है कि आप स्ट्रॉन्ग नहीं हैं. सिर्फ इसलिए कि आप जोर से नहीं बोलतीं, इसका मतलब यह नहीं है कि आप मजबूत नहीं हैं. वह हमेशा अपनी बात रखती थीं. उन्हें हमेशा पता होता था कि वह क्या करना चाहती हैं.’ माता सीता को एक सिंगल मदर बताते हुए दीपिका ने कहा, ‘वह पहली सिंगल मदर थीं… इसलिए मुझे लगता है कि वह बहुत मजबूत महिला हैं, आज के समय में बहुत रेलिवेंट हैं.’
राम और सीता के रिश्ते में कमी
इसी दौरान चैट में दीपिका से जब यह पूछा गया कि वह ‘रामायण’ में सीता से कैसे बात करवाना चाहती थीं, क्योंकि रामायण के टीवी अडैप्टेशन में हमेशा ऐसा नहीं किया गया था. दीपिका ने कहा कि ‘डायलॉग्स काफी नहीं थे और डायलॉग्स से उनका मतलब था कि पति-पत्नी के तौर पर राम और सीता के बीच ज्यादा बातचीत नहीं हुई थी.’