बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता मुश्ताक खान के निधन की खबर ने फिल्म इंडस्ट्री को सदमे में डाल दिया है. ‘वेलकम’, ‘हेरा फेरी’, ‘गदर: एक प्रेम कथा’ जैसी फिल्मों में अपने दमदार कॉमिक और कैरेक्टर रोल से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले मुश्ताक खान ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है. अभिनेता का गुरुवार, 24 सितंबर को मुंबई में निधन हुआ था और शुक्रवार 25 सितंबर को उन्हें सुपुर्द-ए-खास किया गया. जहां बॉलीवुड और टीवी जगत के सितारों ने पहुंचकर उन्हें नम आंखों से विदाई दी. इस बीच उनके बिजनेस पार्टनर ने उनकी बीमारी को लेकर अहम जानकारी शेयर की है.
आठ दिन पहले दोबारा उभर आया था कैंसर
मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर शिवम ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि अभिनेता का निधन गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ. उन्होंने बताया कि मुश्ताक खान को पहले भी लंग्स कैंसर हुआ था, लेकिन इलाज के बाद वह ठीक हो गए थे. हालांकि, निधन से करीब आठ दिन पहले उनकी बीमारी दोबारा उभर आई थीं.

शिवम के मुताबिक, कैंसर के दोबारा सामने आने के बाद मुश्ताक खान की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था. उन्होंने यह भी बताया कि जांच के दौरान बीमारी एडवांस्ड स्टेज में होने की जानकारी मिली थी.
नानावटी अस्पताल में चल रहा था इलाज
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मुश्ताक खान को मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बीमारी के चलते उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी. महज आठ दिनों के भीतर उनकी तबीयत इतनी बिगड़ी कि डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.
‘वेलकम’ के बालू ने खूब हंसाया
मुश्ताक खान ने अपने लंबे करियर में कई फिल्मों में काम किया, लेकिन अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ स्टारर ‘वेलकम’ में उनका बालू का किरदार आज भी दर्शकों को खूब याद है. फिल्म में उनका ‘मेरी एक टांग नकली है’ वाला डायलॉग बेहद पॉपुलर हुआ था.

इसके अलावा वह ‘हेरा फेरी’, ‘गदर: एक प्रेम कथा’, ‘राउडी राठौर’, ‘गदर 2’. ‘बधाई दो’ और ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे. उन्होंने फिल्मों के साथ टीवी पर भी काम किया और ‘अदालत’. ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’ और ‘चमत्कार’ जैसे शोज में नजर आए.

मुश्ताक खान के निधन से उनके परिवार, दोस्तों और इंडस्ट्री के लोगों के बीच शोक की लहर है. पर्दे पर अपनी कॉमेडी और अलग अंदाज से दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाले अभिनेता की यादें अब उनके किरदारों के जरिए हमेशा जिंदा रहेंगी.