Mirzapur The Movie: पॉपुलर वेब सीरीज से सिनेमाघरों के बड़े पर्दे का रुख करने जा रही फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ (Mirzapur: The Movie) को लेकर दर्शकों के बीच दीवानगी सातवें आसमान पर है. कालीन भैया और गुड्डू पंडित के बीच सत्ता की जंग देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. फिल्म की रिलीज से ठीक पहले मेकर्स ने इसकी एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है. इतना ही नहीं, खुद कालीन भैया ने अपने खास अंदाज में फैंस को समय रहते टिकट बुक करने की चेतावनी दे डाली है.
कालीन भैया की फैंस को चेतावनी
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस ‘एक्सेल एंटरटेनमेंट’ (Excel Entertainment) ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक अनोखा प्रोमो वीडियो शेयर किया है. इसमें कालीन भैया (Pankaj Tripathi), गुड्डू पंडित (Ali Fazal) और बबलू पंडित (Vikrant Massey) अपने-अपने किरदारों के रौबदार अंदाज में नजर आ रहे हैं. तीनों कलाकार फैंस से बिना देरी किए एडवांस बुकिंग कराने की अपील कर रहे हैं ताकि सिनेमाघरों में हाउसफुल होने पर उन्हें पछताना न पड़े.
‘रिस्क है’ वाले अंदाज में अपील
वीडियो में कालीन भैया अपने चिर-परिचित दबंग अंदाज में कहते हैं कि अगर इस बार टिकट बुक करने में चूक गए और मौका हाथ से निकल गया, तो भारी रिस्क है. वहीं गुड्डू पंडित कहते हैं कि अगर थिएटर्स से लौटकर दूसरों से फिल्म की कहानी सुननी पड़ी, तो रिस्क वहां भी है. इसके बाद बबलू पंडित फैंस को तुरंत ऑनलाइन टिकट बुक करने का सुझाव देते हैं.
एडवांस बुकिंग में कमाए करोड़ों
सैकनिल्क (Sacnilk) की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की एडवांस बुकिंग को शुरुआती दिनों में ही शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म के 2D हिंदी वर्जन के लिए देशभर में पहले दिन के लगभग 23,813 टिकटों की प्री-सेल हो चुकी है. बिना ब्लॉक सीटों के फिल्म ने 78.89 लाख रुपये कमा लिए हैं, जबकि ब्लॉक सीटों को मिलाकर इसका प्री-सेल कलेक्शन 1.87 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है.
4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. रिलीज में अभी तीन दिन का समय बाकी है, ऐसे में ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में टिकटों की बिक्री में और भी बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है. बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ के इस नए अवतार को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ थिएटर्स में उमड़ने की उम्मीद है.
वेब सीरीज से बड़ा होगा एक्शन
वेब सीरीज के कई सीजन्स की अपार सफलता के बाद अब मेकर्स इस क्राइम-ड्रामा को बड़े कैनवास पर लेकर आ रहे हैं. मेकर्स का दावा है कि फिल्म में ऐसा एक्शन, थ्रिल और सस्पेंस देखने को मिलेगा, जो दर्शकों ने सीरीज में पहले कभी नहीं देखा था. कालीन भैया के साम्राज्य की इस खूनी जंग को सिनेमाघरों में देखने के लिए फैंस के बीच गजब का क्रेज है.